अदलहाट। थाना क्षेत्र के मूसेपुर गांव में बृहस्पतिवार को सुबह कुएं में गिरने से एक आइसक्रीम विक्रेता की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस तथा फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों की मदद से उसके शव को बाहर निकाला।
अदलहाट थाना क्षेत्र के मूसेपुर गांव निवासी किशन भारती (20) पुत्र राजेश कुमार भारती आइसक्रीम बेचने का काम करता था। किशन बृहस्पतिवार की सुबह अपने भाई से मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद से नाराज होकर घर से करीब 150 मीटर दूर गांव के दक्षिण तरफ स्थित कुएं में कूद गया। उसे कुएं में कूदते देख ग्रामीणों ने शोर मचाया। शोर सुन काफी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। परिजन ग्रामीणों के साथ उसे कुएं से बाहर निकालने की कोशिश करने लगे, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने उसे बाहर निकाला। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। किशन चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसकी एक बहन है। जिसकी शादी 24 मई को होनी है। थानाध्यक्ष रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद में युवक गुस्से में आकर कुएं में कूद गया। इससे उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।