हलिया। थाना क्षेत्र के रामपुर पौड़ी गांव में बृहस्पतिवार की रात दस बजे लकड़बग्घा ने एक 13 वर्षीय बालक पर हमला बोल दिया। चारपाई पर सोते बालक को घसीटते हुए लकबग्घा घर से डेढ़ सौ मीटर दूर घसीट ले गया। बचाव में उतरी उसकी मां को भी काटकर घायल कर दिया। मां और बेटे की चीख-पुकार पर ग्रामीणों ने चारो तरफ से घेर कर लकडबग्घे को भी लाठी और डंडे से पीटकर मार डाला।
घायल मां और बेटे को उपचार के लिए मध्यप्रदेश के बैढ़न ले गए। जहां स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने मां और बेटे को बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय सिंगरौली के लिए रेफर कर दिया है। जहां मां और बेटे की हालात गंभीर बनी हुई है।
रामपुर पौड़ी गांव में बृहस्पतिवार को देर रात 10 बजे चारपाई पर सो रहे तेरह वर्षीय नवी मोहम्मद पर लकड़बग्घा ने हमला बोल दिया। बालक को घसीटते हुए लकबग्घा घर से डेढ़ सौ मीटर दूर ले गया। चीखने और चिल्लाने पर पास ही लेटी मां जयमुन निशा की नींद खुल गई। वह टार्च जलाकर बेटे के पीछे दौड़ी देखा तो लकड़बग्घा बेटे पर हमला कर रहा था। बचाव के लिए उतरी जयमुन निशा को भी लकड़बग्घे ने काटकर घायल कर दिया। मां और बेटे के चीख-पुकार पर लाठी और डंडे से लैस ग्रामीणों ने लकड़बग्घे को चारो तरफ से घेर मार डाला। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस सहित वनविभाग को दी।
ग्रामीणों की सूचना पर वनक्षेत्राधिकारी अवध नारायण मिश्र शुक्रवार सुबह टीम के साथ गांव पहुंचे। इससे पहले परिजन घायल मां और बेटे को उपचार के लिए रात में ही निजी साधन से मध्यप्रदेश के बैढ़न लेकर चले गए। लकड़बग्घा के द्वारा गांव में घुसकर हमला करने से ग्रामीणों में दहशत है।
इस संबंध में रेंजर अवध नारायण मिश्र ने बताया कि लकड़बग्घे की मौत हो गई है। उसने मां और बेटे को काटकर जख्मी कर दिया था। लकड़बग्घे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पिछले माह भी लकडबग्घे ने रैपुरिया में मां, बेटे पर बोला था हमला
मिर्जापुर/चुनार। स्थानीय थाना क्षेत्र के रैपुरिया गांव में 31 सितंबर की रात लकडबग्घे ने खेत पर निवास कर रहे मां और उसके पुत्र पर हमला कर घायल कर दिया था। शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे घायल के अभिभावक व आक्रोशित ग्रामीणों ने लकडबग्घे को घेरकर लाठी डंडे से पीटकर मारडाला था।
रैपुरिया गांव निवासी गजानंद सोनकर की पत्नी गीता देवी (50)व पुत्र मनीष (20) खेत में बने मकान के बरामदे में सोकर खेत की रखवाली कर रहे थे इस बीच अर्द्धरात्रि लकड़बग्ध ने पहले युवक पर हमला किया उसके बाद बगल में ही सो रही युवक के मां पर हमला कर दोनों को घायल कर दिया। शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने लकड़बग्घे को मार डाला था।
इस वर्ष अबतक तीन हिंसक जानवरों की हो चुकी मौत
मिर्जापुर। जनपद में इस वर्ष अबतक तीन हिंसक जानवरों की मौत हो चुकी है। वन विभाग के आंकड़े पर गौर करें तो दो वर्ष पूर्व 2022 में हुए कैमूर वन्य जीव विहार, सोनभद्र, मिर्जापुर, महोबा, देवगढ़, ललितपुर व एवं चित्रकूट को मिलाकर जंगलों में कुल 13 लकड़बग्घे की गणना हुई थी जिसमें 7 नर, 6 मादा एवं पांच बच्चे मौजूद हैं। वन विभाग के वर्ष 2023-24 में अबतक दो हिंसक जानवरों की मौत हो चुकी है। रैपुरिया में लकड़बग्गा से पहले बंजारी में पिछले वर्ष एक तेंदुआ का शव पाया गया था। वहीं हलिया क्षेत्र के रामपुर पौड़ी में बृहस्पतिवार को फिर एक लकड़बग्घा मारा गया।
लकड़बग्घा मारने वालों पर होगी कार्रवाई
हलिया। रामपुर पौड़ी में मां और बेटे को घायल करने के बाद ग्रामीणों ने लकड़बग्घा को लाठी और डंडे से पीट कर मार डाला। डाॅ. कमलेश कुमार तथा विपुल राय के नेतृत्व में रेंज कार्यालय में पोस्टमार्टम कर लकड़बग्घे के शव का दाह संस्कार कर दिया गया। सूचना पर पहुंचे डीएफओ तापस मिहिर ने बताया कि घटना स्थल पर जा कर वस्तु स्थिति की जांच कराई जाएगी। पड़ताल के बाद दुर्लभ जंगली जानवर को मारने वालों के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।