कछवां स्थित गांधी स्टेडियम में मैच खेलते खिलाड़ी।- संवाद
कछवां। आदर्श नगर पंचायत स्थित गांधी स्टेडियम मैदान पर चल रही शिवनाथ सिंह स्मृति ऑल इंडिया टी-20 चैलेंज कप क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार को मैच डार्विन बाक्स हैदराबाद व कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के मध्य खेला गया। यहां कानपुर की टीम ने टाॅस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। हैदराबाद की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट गंवाकर 237 रनों का लक्ष्य खड़ा कर दिया। वहीं जवाबी पारी खेलने उतरी कानपुर की टीम ने महज 16 ओवरों में ही ऑल आउट होकर 117 रन पर ही सिमट गई। इस तरह हैदराबाद की टीम ने 120 रनों से मैच जीतकर तीसरे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। इस दौरान अंपायर की भूमिका आनंद सिंह एवं यूएई अंपायर विपिन सिंह ने निभाया। मैच में 52 बाल पर 13 छक्कों व पांच चौकों की मदद से 117 रन बनाने वाले आदित्य लोना को मैन ऑफ द मैच से पुरस्कृत किया गया। अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने बताया कि हैदराबाद की टीम ने तीसरे क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। बृहस्पतिवार को क्रिकेट एसोसिएशन मथुरा व एन ई रेलवे लखनऊ के मध्य मैच खेला जाएगा। इस दौरान मुख्य अतिथि भदोही सांसद डा विनोद बिंद की पत्नी रीना बिंद व सौरभ सिंह के साथ पूर्व मंडल अध्यक्ष मनोज पांडेय, उमाशंकर बिंद, भूपेंद्र सिंह, शिवशंकर सिंह, संतोष सिंह, पिंकू उपाध्याय, जावेद आलम, शशिकांत उपाध्याय आदि मौजूद रहे।