राजगढ़। क्षेत्र में शनिवार की रात प्रेमिका के साथ पति को देखकर पत्नी आग बबूला हो गई। पत्नी ने लात-घूंसों व चप्पल से पति की पिटाई करने के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया। आरोपी पति को गिरफ्तार कर पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की। किसी ने पति-पत्नी की मारपीट का वीडियो वायरल कर दिया। थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि तहरीर के मुताबिक राजगढ़ थाना क्षेत्र की एक गांव का 42 वर्षीय युवक दूसरे गांव की एक महिला से चोरी-छिपे प्रेम करता था। शनिवार की रात युवक ने अपनी पत्नी से कहा कि वह अपनी बहन के घर जा रहा है। वह बहन के घर जाने के बजाय अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर चला गया। कुछ घंटों बाद जब पत्नी ने पति के बहन के घर फोन किया तो पता चला कि पति वहां नहीं गया है। इस पर पत्नी को शंका हुई। रात में ही पत्नी अपने पुत्र को साथ लेकर अपने पति की प्रेमिका के घर पहुंच गई। वहां पति अपनी प्रेमिका के घर में सोया था। पति को प्रेमिका के साथ देखते ही पत्नी आगबबूला हो गई। पत्नी प्रेमिका को बुरा भला कहते हुए पति को लात, घूंसों व चप्पल से मौके पर ही पिटाई करने लगी। पिटाई करने के बाद पीआरबी 112 पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी पति को पकड़कर राजगढ़ थाने ले गई। वहां पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। पति की पिटाई का वीडियो भी वायरल हो रहा है।