प्रेम विवाह के दो साल बाद मामली विवाद में पति-पत्नी ने खौफनाक कदम उठा लिया। दोनों ने विषाक्त पदार्थ खाकर खुदकुशी की कोशिश की। घटना में पत्नी की मौत हो गई जबकि पति का उपचार चल रहा है। घटना मिर्जापुर जिले की है।
मिर्जापुर जिले के विशुनपुर गांव निवासी दंपती ने मंगलवार शाम विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। दोनों को उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां उपचार के दौरान रात में महिला की मौत हो गई। वहीं उसके पति का इलाज चल रहा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विज्ञापन
मड़िहान थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव निवासी राजकरन (25) पुत्र राम भुवन ने दो वर्ष पहले मध्य प्रदेश निवासी सोनू (23) के साथ प्रेम विवाह किया था। राजकरन की मां ने बताया कि मायके जाने को लेकर दो दिन से पति-पत्नी में विवाद चल रहा था। मंगलवार दोपहर में घर के सभी सदस्य जब बाहर गए थे। उस दौरान पति-पत्नी ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया।
घर पहुंचे परिजनों ने उन्हें अचेत देखा तो आननफानन अस्पताल पहुंचाया। हालत बिगड़ने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ में भर्ती किया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होते देख चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया।
मंडलीय अस्पताल में उपचार के दौरान रात में महिला सोनू ने दम तोड़ दिया। थानाध्यक्ष शैलेश राय ने बताया विषाक्त के सेवन के बाद अस्पताल में भर्ती महिला की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।