सक्तेशगढ़। चुनार थाना क्षेत्र के कुबा खुर्द गांव में बुधवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटककर विवाहिता की मौत के मामले में मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी पति और ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मड़िहान के गैरिया गांव निवासी सोना देवी (25) की शादी 2017 में चुनार थाना क्षेत्र के कूबा खुर्द गांव निवासी अनिल से हुई थी। दोनों को दो बच्चे है। अनिल मजदूरी करता है। वह सुबह खाना खाकर काम पर चला गया। दोपहर में कमरे से बच्चे के रोने की आवाज आने पर सोना देवी के ससुर कमरे के पास गए तो दरवाजा अंदर से बंद था। झरोखे से देखा तो वह फंदे से लटकी थी। उसके पिता कल्लू ने दहेज के लिए मारपीट कर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया। चुनार पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी थी। शुक्रवार को सक्तेशगढ़ चौकी प्रभारी इंद्र भूषण मिश्रा ने कूबा खुर्द मोड़ से सोना देवी के पति अनिल कुमार और ससुर चौथीराम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।