अहरौरा। थाना क्षेत्र के एक गांव में पति द्वारा प्रताड़ना से परेशान महिला बच्चों के साथ पुलिस को जंगल में मिली। महिला द्वारा पति पर लगाए गए आरोप के बाद पुलिस आरोपित को पकड़ने गई, पर वह घर पर नहीं मिला। पुलिस ने महिला को उसके बहन के घर पहुंचाया।
पति की गलत करतूतों से तंग आकर एक महिला दोपहर में अपने छोटे-छोटे दो बच्चों को गोद में लेकर पैदल ही जंगल के रास्ते किसी ठिकाने की तलाश में निकल पड़ी। महिला घर से लगभग एक किलोमीटर दूर जंगल में पहुंची ही थी कि किसी ने पुलिस को सूचना दी कि झारखंड से आई महिला दो बच्चों को साथ लेकर जंगल में भटक रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। महिला से पूछताछ की तो जानकारी मिली कि पति के करतूतों से तंग आकर वह घर छोड़ कर जा रही है। हालांकि पुलिस ने उसे समझाकर पास में ही स्थित उसकी बहन के घर पर ही रहने के लिए भेजवाया। पुलिस उसके पति को तलाशते हुए गांव में गई लेकिन वह नहीं मिला। मामले की जांच कर रहे इलाके के उपनिरीक्षक विमलेश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर जांच के दौरान पता चला कि पति-पत्नी के बीच विवाद का मामला है। प्राथमिक जांच के आधार पर पति की तलाश की जा रही है। थानाध्यक्ष राजेश चौबे ने बताया कि पीड़ित महिला की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। दंपती के बीच संबंधों में विवाद की बात प्रकाश में आयी है। अमानवीय कृत्य अपराध है। आरोप का संज्ञान लेकर मामले की छानबीन की जा रही है।