पटेहरा। मड़िहान थाना क्षेत्र के रामपुर रेक्शा गांव में मंगलवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटकते विवाहिता के मौत के मामले में पुलिस मुकदमा दर्ज करने के बाद बुधवार को ककरद मोड़ के पास से आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
क्षेत्र के मरचा गांव निवासी कौशिल्या देवी ने तीन वर्ष पूर्व अपनी पुत्र 22 वर्षीय प्रमिला देवी का विवाह रामपुर रेक्शा गांव निवासी प्रभु कोल से किया था। दोनों को डेढ़ वर्ष का पुत्र सनी है। मंगलवार की सुबह प्रमिला की संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटकने से मौत हो गई। ग्रामीणों के पूछने पर पति प्रभु कोल ने बताया कि वह गांव की तरफ गया था। वापस आकर देखा तो घर में उसकी पत्नी बड़ेर के सहारे साड़ी का फंदा बनाकर लटकी थी। जिससे उसकी मौत हो गई थी। उसे उतारकर बाहर चारपाई पर लिटाया है। पुत्री के मौत की खबर सुनते ही मां कौशल्या देवी ने मड़िहान थाने पर पहुंचकर दामाद के खिलाफ तहरीर देकर आरोप लगाया कि दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। मारपीट कर हत्या करने के बाद शव को फंदे से लटकाया है। मामले में पुलिस ने आरोपी पति प्रभु पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपित की तलाश कर रही थी। बुधवार को पुलिस ने ककरद मोड़ के पास से आरोपित पति प्रभु को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।