मड़िहान में मिठाई खिलाकर प्रदर्शनकारियों की भूख हड़ताल समाप्त कराते एसडीएम संतोष कुमार ओझा, सं
सड़क के लिए 30 घंटे से हो रहा था अनशन
मड़िहान। सड़क की मरम्मत की मांग के लिए ग्राम पंचायत कोटवा पांडेय स्थित दलित बस्ती में चल रही भूख हड़ताल बुधवार को 30 घंटे बाद एसडीएम मड़िहान संतोष कुमार ओझा के आश्वासन पर खत्म हो गई।
एसडीएम ने अनशन पर बैठे पांचों ग्रामीणों को शीतल पेय और मिठाई खिलाकर भूख हड़ताल खत्म कराई। कहा कि वर्तमान में आचार संहिता लगी हुई है, इसके कारण तत्काल सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया जा सकता। आचार संहिता समाप्त होते ही सड़क मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर करा दिया जाएगा। क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेश, कृष्ण कुमार और छोटेलाल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सोमवार को अनशन की चेतावनी दी थी। मंगलवार सुबह आठ बजे से बस्ती निवासी कृष्ण कुमार, विक्रम कुमार, गोलू कुमार, छोटेलाल और पंकज कुमार बस्ती में स्थित अंबेडकर पार्क में भूख हड़ताल पर बैठे थे।
ग्रामीणों का कहना था कि 15 वर्षों से दलित बस्ती की लगभग डेढ़ किलोमीटर की सड़क कीचड़ भरे गड्ढों में तब्दील हो गई है। 250 मकानों में रहने वाले लगभग 2500 लोगों को आवागमन में भारी परेशानी होती है। बीमार व्यक्ति अस्पताल नहीं पहुंच पाता और बरसात में बच्चे स्कूल तक नहीं जा पाते।