लालगंज। कटाई गांव में नीलामी के तालाब में पाली गई सैकड़ों मछलियां मर गई। आरोप है कि बीती रात अज्ञात व्यक्तियों ने तालाब में जहरीला पदार्थ डाल दिया जिससे पानी जहरीला हो गया और मछलियों की मौत हो गई। इसकी सूचना पट्टा धारक ने पुलिस और प्रशासन को दी। आरोप लगाया है कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की रंजिश में ऐसा किया गया है।
रविवार की सुबह कटाई गांव के ग्रामीण तालाब में मरी हुई मछलियों को देखकर भौचक रह गए। उन्होंने शोर मचाकर सभी को बताना शुरू किया कि पानी में किसी ने जहरीला पदार्थ डाल दिया है। जिससे मछलियों की मौत हो गई है। पट्टा धारक भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। उन्होंने बताया कि पसियाही निषाद नाविक एवं मत्स्य जीवी सहकारी समिति लिमिटेड के नाम से चार लाख 91 हजार में तालाब का पट्टा लिया था। तालाब में मछलियों का पालन किया था लेकिन अज्ञात व्यक्तियों द्वारा पानी में जहरीला पदार्थ डाल दिया गया। जिससे मछलियों की मौत हो गई।