राजगढ़। क्षेत्र में बिना रजिस्ट्रेशन चल रहे निजी अस्पतालों के संचालन धड़ल्ले से हो रहा है। शुक्रवार को अपर निदेशक स्वास्थ्य ने क्षेत्र के दो निजी अस्पतालों की जांच की तो इसका खुलासा हुआ। दोनों अस्पतालों का रजिस्ट्रेशन नहीं था। डॉक्टर भी नहीं थे लेकिन मरीज भर्ती थे। अपर निदेशक ने दोनों अस्पताल संचालकों को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के अंदर कागजात के साथ जबाब मांगा है। क्षेत्र में बिना रजिस्ट्रेशन के कई निजी अस्पताल धड़ल्ले से चल रहे हैं। अस्पतालों में जिन डॉक्टरों के नाम के बोर्ड लगाए गए हैं, वो रहते ही नहीं। ऐसे अस्पतालों में मरीजों को भर्ती कर प्रसव कराने के साथ कई बीमारियों में आपरेशन तक किए जा रहे हैं। इसकी शिकायत क्षेत्र के कुछ लोगों ने कमिश्नर से की थी। शुक्रवार को अपर निदेशक स्वास्थ्य डाॅ. सुबोध कांत ने राजगढ़ क्षेत्र में दो अस्पतालों की जांच की तो पता चला कि दोनों बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे हैं। अस्पताल में कई मरीज भी भर्ती थे। इस पर अपर निदेशक ने जांच के दौरान दोनों अस्पताल संचालकों को नोटिस भेजकर सभी दस्ताबेजों के साथ सीएमओ कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया है।