मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी पद पर भर्ती के लिए होने वाली लिखित परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस तैनात रहेगी। वहीं, सर्विलांस सेल और एसओजी टीम भी सक्रिय रहेगी। जिले में शनिवार और रविवार चार पालियों में परीक्षा होनी है। हर पाली में 9672 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इस लिहाज से शनिवार को 19344 परीक्षार्थी शामिल होंगे। एएसपी सिटी नितेश सिंह ने बताया कि जिले में चार पालियों में 38688 परीक्षार्थी शामिल होंगे। शनिवार को 21 केंद्रो पर होने वाली परीक्षा की तैयारी कर ली गई है। हर कक्ष में सीसी कैमरा लगा है। एसडीएम और सीओ स्तर के अधिकारी सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट के रुप में तैनात रहेंगे। मिर्जापुर व विंध्याचल रेलवे स्टेशन, होटल, ढाबा, बस स्टैंड आदि स्थान पर पुलिस तैनाती रहेगी। जिससे की परीक्षार्थियों से अधिक पैसा न वसूला जाये। केंद्र के बाहर सात से 14 की संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। परिचय पत्र चेक करने के लिए कार्यदायी संस्था के लोग रहेंगे। अभ्यर्थी सिर्फ काले और नीले रंग का बालपेन ही ले जा सकेंगे। रबर, वाइटरनर व किसी प्रकार की घड़ी ले जाना प्रतिबंधित है। पानी की बोतल या भोजन भी परीक्षा केंद्र में लेकर नहीं आना है। पानी की व्यवस्था रहेगी। केंद्र के पास पार्किंग के लिए व्यवस्था की गई है। नकलची और नकल माफियाओं पर निगरानी रखने के लिए टीमों का गठन किया गया है। टीमों सक्रिय है। इस बार नकलची के पकड़े जाने पर मुकदमा दर्ज कराने के लिए भी पहले से अधिकारी नामित हो गये है। परीक्षा कक्ष में नकल करते पकड़े जाने पर केंद्र पर्यवेक्षक और बाहर नकल करने कराने के मामले में पकड़े जाने पर पुलिस मुकदमा दर्ज करायेगी।