लालगंज। हरदी मिश्र गांव में ट्यूबवेल की बोरिंग के दौरान कोयला और गैस निकल रही है। शुक्रवार की सुबह एसडीएम मड़िहान ने गैस पर माचिस जलवा कर देखा तो आग जलने लगी।
इससे इलाके में कोयले की खान मिलने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल, मामले से ओएनजीसी और शासन को अवगत करा दिया गया है।
हरदी मिश्र गांव निवासी लक्ष्मन मौर्या अपनी जमीन में ट्यूबवेल लगवाने के लिए एक सप्ताह से डीप बोरिंग करा रहे थे। कुछ दिन पहले 575 फीट गहरी बोरिंग होने पर कोयला निकलने लगा। दो दिनों तक बोरिंग करने के बाद भी कोयला निकलता रहा। 595 फीट बोरिंग पहुंचने पर गैस निकलने लगी।
इससे बोरिंग कार्य में लगे लोगों का दम घुटने लगा। गुरुवार की देर शाम गैस निकलने की जानकारी होते ही इलाके में हड़कंप मच गया। लोग बोरिंग स्थल छोड़ कर हट गए। किसी ने सूचना लालगंज पुलिस को दे दी। थानाध्यक्ष लालगंज रविंद्र यादव ने उपजिलाधिकारी मड़िहान जीसी राम को अवगत कराया।
शुक्रवार की सुबह एसडीएम मड़िहान पहुंचे और जांच की। बोरिंग से निकल रहे गैस पर माचिस जलवा कर देखा तो आग जलने लगी। उन्होंने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डीएस उपाध्याय को इसकी जानकारी दी। एडीएम ने ओएनजीसी के इंजीनियर बुला कर मामले की जांच कराने के लिए कहा है। उधर, बोरिंग से निकल रही गैस को देखकर इलाके में कोयले की खान मिलने की संभावना जताई जा रही है।