मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन के चलते जिले के सभी माध्यमिक और परिषदीय विद्यालयों में आज अवकाश रहेगा। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने आदेश जारी किया है। जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार दीक्षित ने बताया कि विशेष आकस्मिक अवकाश के तहत सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, आईसीएसई, सीबीएसई और अन्य बोर्डों के माध्यमिक विद्यालयों में आज अवकाश रहेगा। वहीं, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि निर्वाचन के मद्देनजर परिषदीय, राजकीय, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य बोर्डों के प्री-नर्सरी से कक्षा आठ तक के विद्यालयों में अवकाश रहेगा। उन्होंने आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संवाद