नगर में बारिश से हुए जलजमाव से आते लोग ।
- फोटो : MIRZAPUR
मिर्जापुर। मूसलाधार बारिश के बीच बृहस्पतिवार सुबह किसानों के चेहरे पर खुशी जरूर झलकी लेकिन निचले इलाकों के निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। घंटेभर से अधिक समय तक हुई बारिश से सड़कों और गलियों में जगह-जगह पानी भर गया। जल निकासी के अभाव में संकरी गलियां मानों नहर बन गई थी। राहगीरों को आवागमन में तो वहीं स्थानीय लोगों को घर के दरवाजे से बाहर निकलने में परेशानी हुई। गलियों में जल निकासी के अभाव से लोगों के घरों में बरसात का पानी घुसने लगा। बारिश के बीच लोग घरों से पानी निकालने और सामनों को बचाने की जद्दोजहद में जुटे रहे।
नगर के आवास विकास कालोनी, शुक्लहा, डंगहर, छोटा मिर्जापुर, बसही समेत अन्य स्थानों के कुछ निचले इलाकों में पानी भरने से कई मोहल्लों के लोग बेहाल रहे। घरों में घुसे बरसात के पानी को निकालने के लिए लोग परेशान थे। ग्राम्यांचलो में हुई बारिश से किसानों के चेहरे खुशी से खिल उठे। बरसते पानी के बीच किसान भीगते हुए कृषि कार्य में जुटे रहे। खेतों में भरे पानी को देख धान की रोपाई कार्य तेज रहा। वहीं बारिश से धान की रोपाई में तेजी आने से किसान श्रमिकों की तलाश में जुटे रहे। कहीं जोताई के लिए ट्रैक्टर तो कहीं रोपाई के लिए श्रमिक की तलाश में किसान भटकते दिखाई दिए।
रेलवे पुल के नीचे भरा पानी, आवागमन में परेशानी
झमाझम हुई बारिश से बृहस्पतिवार को भी नटवां व विंध्याचल स्थित रेलवे पुल के नीचे पानी भरा रहा। राहगीरों को आवागमन में परेशानियों का सामाना करना पड़ा। नटवां स्थित रेलवे पुल के नीचे भरे बरसात के पानी से छोटे-बड़े वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया। समस्या से मिर्जापुर-औराई मार्ग पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। बड़े वाहन तो किसी तरह से निकल जा रहे थे। छोटे वाहन या तो सड़क के किनारे खड़े होकर पानी कम होने के इंतजार में लगे रहे या फिर रास्ता बदलकर चलते बने। विंध्याचल, दूधनाथ चुंगी, रेहड़ा चुंगी व पटेंगरा नाला स्थित रेलवे पुल के नीचे पानी भरने से विंध्याचलवासी समेत आस्थाधाम विंध्याचल आए श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा। मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग के जरिए धाम की ओर वाहनों से आने वाले ज्यादातर श्रद्धालु शिवपुर रेलवे क्रासिंग के जरिए ही प्रवेश कर सके।