शहर कोतवाली क्षेत्र के रामबाग रैदानी कालोनी स्थित एक कबाड़ के गोदाम में रविवार की शाम पांच बजे अबूझ हाल में आग लग गई।इससे मोहल्ले में अफरा तफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे अग्निशमन कर्मियों ने घंटेभर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मोर्चाघर मोहल्ला निवासी रामकुमार गुप्ता का रामबाग रैदानी कालोनी के पास कबाड़ का गोदाम है। रविवार की शाम करीब पांच बजे कबाड़ के गोदाम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते पूरा गोदाम धूधू कर जलने लगा। इससे मुहल्ले में अफरा तफरी की स्थिति पैदा हो गई। आसपास के लोग दहशत से घर के बारह आ गए। मौके पर लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन कबाड़ में प्लास्टिक होने की वजह से आग और विकराल रूप ले उठी।
आग से गोदाम में रखी कांच की बोतलें चट चट कर टूटने लगीं। गोदाम के दो तरफ सड़क होने की वजह से अन्य मकान आग की चपेट में आने से बच गए। तुफैल अहमद का मकान जो गोदाम से सटा था, उनका पूरा परिवार 10 दिन पूर्व ही घर छोड़कर आवास विकास स्थित दूसरे मकान में चला गया था।
गोदाम परिसर के अंदर किराए पर रह रही मोमिना आग लगने से अपना कच्चा मकान छोड़कर परिवार के साथ भागीं। आग उनकी मकान को अपनी जद में लेने वाला था, तब तक मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड के कर्मियों ने आग को बुझा दिया। आग बुझाने में को करीब घंटाभर लगा। इस दौरान मौके और आसपास अफरा तफरी और हंगामे की स्िथ्ाति बनी रही।
उधर, पूछने पर कबाड़ गोदाम के मालिक रामकुमार गुप्ता के मुताबिक रविवार को तीन बजे के बजे वह खाना खाने घर गए था। तब तक सब कुछ सही था। साढ़े चार बजे के करीब किसी ने फोन कर आग लगने की सूचना दी। आग से करीब एक लाख का सामान जल गया है। वह आग लगने का कारण नहीं बता सका।