मिर्जापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को मुख्य विकास अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस की अध्यक्षता में हीट वेव के प्रभाव को कम करने के उद्देश्य से सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल ने 12 विभागों को हीट वेव प्रबंधन के लिए विभागवार जिम्मेदारी सौंपी। मुख्य विकास अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कोविड-19 की ही तरह सभी प्राथमिक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों आदि में हीट वेव आइसोलेशन वार्ड बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने हीट स्ट्रोक आदि से पीड़ित व्यक्ति का तत्काल इलाज शुरू कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया।
उन्होंने अधिकरियों को पूर्व योजना के आधार पर उचित मात्रा में ओआरएस पैकेट एवं साफ्ट आइस पैक आदि स्टाक में उपलब्ध कराने की हिदायत भी दी। उन्होंनेपर्यटन विभाग के अधिकारियों को बस स्टैंडों, मंदिरों व अन्य धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशन आदि के परिसरों में छांव व प्याऊ की व्यवस्था सुनिश्चित करने, शिक्षा विभाग को स्कूल के समय में बदलाव करने व स्कूली बच्चों की फील्ड की गतिविधियों को रोकने के साथ ही स्कूलों में पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पेयजल आदि व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया।
उन्होंने विद्युत निगम के अधिकारियों को हीट वेव के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा जल निगम को ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त मात्रा में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का भी निर्देश दिया। बैठक में नगर पालिका, नगर पंचायत, श्रम विभाग के अधिकारियों को हीट वेव को देखते हुए चिह्नित क्षेत्रों में पर्याप्त मात्रा में पेयजल एवं छांव क्षेत्र बनाने के लिए निर्देशित किया गया। बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी अरविंद कुमार, सभी निकायों के अधिशासी अधिकारी व स्वास्थ्य विभाग के अलावा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।