जमालपुर। क्षेत्र के बहुआर गांव में शिवरात्रि के अवसर पर सोमवार को कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। इसमें 24 से अधिक पहलवानों ने अपने-अपने दांवपेंच आजमाए। कुश्ती दंगल में छह हजारी कुश्ती मड़ईपर चंदौली के उदयवीर व उसरौड़ी के भानु पहलवान के बीच बराबरी पर छूटी।
तीन हजारी कुश्ती में उसरौड़ी के हजारी पहलवान ने सरसा के अभियान यादव को धूल चटाकर इनाम अपने नाम किया। ढा़ई हजारी कुश्ती अहरौरा के मनीष व बरईपुर के अर्जुन के बीच बराबरी पर छूटी। डेढ़ हजारी कुश्ती में हाजीपुर के चंद्रजीत व सरसा के सूर्या और 1200 रुपये की कुश्ती हाजीपुर के अंशु व महेवा के आयुष के बीच बराबरी पर रही। एक हजारी कुश्ती बुधवारे के रंजीत ने सरसा के सूरज को पराजित कर इनाम अपने नाम किया। 500 रुपये की कुश्ती बुधवारे के राजकुमार ने सरसा के अमर प्रसाद को और 700 रुपये की कुश्ती में महेवा के चंद्रमा ने तकिया के सूर्यवंशी पहलवार को पटखनी देकर इनाम अपने नाम किया। उद्घोषक जितेंद्र पासवान व निर्णायक की भूमिका बच्चा तिवारी, बसंतू बियार ने निभाई। इस दौरान अध्यक्ष जंग बहादुर सिंह, शिवा मिश्रा, दिनेश बियार, सुरेंद्र सिंह, विजेंद्र सिंह, जयप्रकाश मिश्रा, लालता प्रसाद बियार, सुनील सिंह पटेल, महेंद्र भारती सहित बड़ी संख्या में दंगल प्रेमी मौजूद रहे।