जनपद न्यायाधीश देवेंद्र नाथ शुक्ल की अध्यक्षता में जिला जज के सभाकक्ष में बैठक की गई।
इस दौरान जिला कारागार एवं कारागार में निरुद्ध बंदियाें से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। जनपद न्यायाधीश ने जेल लोक अदालत के माध्यम से बंदियों को सहायता दिए जाने का निर्देश दिया।
जनपद न्यायाधीश देवेंद्र नाथ शुक्ल ने बैठक के दौरान निर्देशित किया कि जिला कारागार एवं कारागार में निरूद्ध बंदियों से संबंधित समस्याआें जैसे- स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य और बैरकों की साफ-सफाई आदि विषयाें पर त्वरित सुधार लाया जाए और उच्च न्यायालय को सूचित किया जाए।
इलाहाबाद हाईकोर्ट से पारित आदेश के अनुपालन में कारागार में निरूद्ध बंदियों से संबंधित विभिन्न बिंदूओं पर विचार कर उनका समाधान एवं समयबद्ध कार्रवाई किए जाने के लिए उ.प्र. शासन द्वारा जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया है।
जिसमें जनपद एवं सत्र न्यायाधीश अध्यक्ष, जिला मजिस्ट्रेट महासचिव, वरिष्ठ अधीक्षक कारागार सदस्य सचिव, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव, मुख्य विकास अधिकारी सदस्य, मुख्य चिकित्साधिकारी सदस्य सहित जिला विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षाधिकारी, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को सदस्य के रूप में नामित किया गया है।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डीएस उपाध्याय, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राजेश भारद्वाज, सिविल जज सीडि. अनिल कुमार शुक्ल, जिला कारागार अधीक्षक रीबन सिंह, जेलर राजेश कुमार राय, दीपक श्रीवास्तव सहित समस्त सदस्यगण उपस्थित रहे।