क्षेत्र के भिस्कुरी गांव में शिकायत सुनते अधिकरी, स्रोत संवाद
- फोटो : 1
मिर्जापुर। जिले के 12 विकास खंडों की 24 ग्राम पंचायतों में शुक्रवार को ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कई स्थानों पर सूचना के अभाव और मूलभूत समस्याओं का समाधान न होने से ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली।
अधिकांश चौपालों में पेयजल और जल निकासी के मुद्दे छाये रहे। सिटी ब्लॉक के भिस्कुरी गांव में आयोजित ग्राम चौपाल में ग्रामीणों ने चार महीने से खराब पड़े चार हैंडपंपों को लेकर आक्रोश जताया। उनका कहना था कि केबल खराब होने से ओवरहेड टैंक से जलापूर्ति पांच महीने से बाधित है।
ग्रामीणों का कहना था कि कई बार शिकायत के बावजूद खराब हैंडपंपों की मरम्मत नहीं कराई गई। इससे लोगों को स्वच्छ पेयजल के लिए भटकना पड़ रहा है। रिंकी देवी, रेनू देवी और विजय कुमार ने भीषण गर्मी के दौरान हुई परेशानी का जिक्र करते हुए तत्काल मरम्मत की मांग की। इस पर बीडीओ मृदुला सिंह ने नाराजगी जताते हुए जरूरी कदम उठाने का आश्वासन दिया।
चौपाल में आंगनबाड़ी केंद्र की बदहाल स्थिति भी प्रमुख मुद्दा रही। कार्यकर्ता नीतू दुबे ने बताया कि भवन न होने के कारण आंगनबाड़ी केंद्र पेड़ के नीचे संचालित हो रहा है। बारिश के मौसम में बच्चों व गर्भवती महिलाओं को परेशानी होगी। बीडीओ ने स्थायी भवन बनने तक पंचायत भवन में केंद्र संचालित करने के निर्देश दिए।
चौपाल समाप्त होने के बाद पहुंचे कई ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चौपाल के आयोजन की सूचना गांव में नहीं दी गई।