हलिया। ब्लाॅक प्रमुख की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की सोमवार को हुई बैठक में विकास के काम के लिए 30 करोड़ रुपये के प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित किए गए। इसमें क्षेत्र पंचायत की तरफ से पांच करोड़ और मनरेगा के तहत 25 करोड़ रुपये खर्च कर विकास कार्य कराने के प्रस्ताव शामिल हैं।
ब्लाॅक सभागार में क्षेत्र पंचायत की हुई बैठक में मनरेगा, एनआरएलएम, पेयजल, स्वच्छता के अलावा पंचम राज्य वित्त व केंद्रीय वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि से काम कराने पर चर्चा की गई। सदस्यों से उनके क्षेत्रों में विकास कार्य कराने के लिए प्रस्ताव भी मांगे गए। ब्लाॅक प्रमुख श्री देवी की अध्यक्षता में हुई बैठक में हुई बैठक में बीडीओ डॉ. राजीव कुमार शर्मा ने पिछली कार्यवाही की जानकारी दी। बीडीओ ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2016 से 2024 तक विकास खंड में कुल 12835 प्रधानमंत्री आवास आवंटित हुए थे। इसकी तुलना में 12635 लाभार्थियों ने आवास निर्माण का काम पूरा लिया है। मुख्यमंत्री आवास योजना के 3500 लाभार्थियों में से 250 के आवास अधूरे हैं। बीडीओ ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा श्रम योजना के संबंध में भी जानकारी दी।
एडीओ समाज कल्याण रणजीत ने वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन योजना के अलावा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की जानकारी दी। खंड शिक्षा अधिकारी प्रकाश चंद यादव ने ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों से विद्यालयों में दिव्यांग शौचालय, टाइल्स, चहारदीवारी के निर्माण में सहयोग मांगा। बैठक में एडीओ एजी नरेंद्र कानापुरिया ने पीएम सम्मान निधि, कुसुम योजना आदि योजनाओं की जानकारी दी। बैठक में एडीओ पंचायत रूपेश श्रीवास्तव, कौशलेंद्र राय, चंद्रप्रकाश श्रीवास्तव, राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि धनंजय पांडेय आदि मौजूद रहे।