अदलहाट। थाना क्षेत्र के नरायनपुर तिराहे के पास शनिवार की देर रात को ओवरलोड ट्रक के पकड़ने जाने पर कार सवार हथियार से लैस तीन लोग मौके पर पहुंच गए। बंदूक के बल पर ट्रक को कब्जे में करके जाने लगे, इसकी सूचना पर एआरटीओ प्रवर्तन विवेक शुक्ला ने कार सवारों का पीछा कर उनको रोका तो वे हाथपाई करने लगे। एआरटीओ ने दो को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। एक मौका पाकर कार संग फरार हो गया। पुलिस ने दोनों पर मुकदमा दर्ज कर चालान करने के साथ ट्रक को सीज कर दिया।
एआरटीओ प्रवर्तन विवेक शुक्ला सिपाहियों के साथ अदलहाट थाना क्षेत्र के नरायनपुर तिराहा के पास ओवरलोड वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान चंदौली नंबर से ओवरलोड गिट्टी लदे ट्रक को रोका। एआरटीओ ने सिपाही से ट्रक को अदलहाट थाने में ले जाकर खड़ा करने को कहा। सिपाही ट्रक लेकर थाने जा रहा था, लेकिन रास्ते में कार सवार तीन लोग पहुंच गए। इसमें एक के पास पंप एक्शन गन थी। उसने सिपाही पर बंदूक तान नीचे उतार लिया। ट्रक को अपने कब्जे में लेकर जाने लगा। सिपाही ने इसकी सूचना एआरटीओ को दी। सूचना पर एआरटीओ अन्य सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे। जाम के कारण ट्रक और कार आगे नहीं जा सकी थी। एआरटीओ ने कार सवारों को रोका तो उसमें से एक ने बंदूक तान दी। हाथपाई में परिवहन विभाग के सिपाहियों ने गन छिनकर दो आरोपितों को पकड़ लिया। एक मौका पाकर कार लेकर भाग गया। दोनों आरोपितों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। एआरटीओ विवेक शुक्ला की तहरीर पर पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, लोक सेवक पर हमला करने व आर्म्स एक्ट के आरोप में संजय सिंह निवासी तुलसीपुर पानी टंकी के पीछे जाखा महमूरगंज छित्तूपुर थाना भेलूपुर जनपद वाराणसी व सुदामा यादव निवासी आलीपुर बनगांवा थाना नन्दगंज जनपद गाजीपुर को जेल भेज दिया। पंप एक्शन गन सुदामा के नाम है। एआरटीओ विवेक शुक्ला ने बताया कि ओवरलोड वाहन को पास कराने का गैंग संचालित है। ये लोग उसी गैंग से हैं। इनके खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।