मिर्जापुर। नगर के लालडिग्गी स्थित लायंस स्कूल में बृहस्पतिवार को संयुक्त मोर्चा की तरफ से सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सरकार हर आपदा में देशवासियों के साथ है। पहले भारत पश्चिम से दवाओं और टीकों के आयात पर निर्भर था, लेकिन भारत ने कोविड -19 के दौरान दो स्वदेशी टीका विकसित किया और कई देशों को जीवन रक्षक दवाओं की आपूर्ति की।
उन्होंने कहा कि भारत वो दिन नहीं भूला है, जब ये कहा जाता था कि हम तो दिल्ली से एक रुपया भेजते हैं, लेकिन गरीबों तक सिर्फ 15 पैसे पहुंचते हैं। देश ये दिन भी नहीं भूलेगा कि आज दिल्ली से 100 रुपये चलता है तो गरीब के पास पूरा का पूरा 100 रुपये पहुंचता है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश हर आपदा में देशवासियों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने रिकॉर्ड समय में लाखों लोगों का टीकाकरण करने का लगभग असंभव कार्य किया। इसके पूर्व विशिष्ट अतिथि बृजभूषण सिंह ने मुख्य अतिथि तथा अन्य जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए मुख्य अतिथि द्वारा किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
अंत में विधायक नगर रत्नाकर मिश्र ने आभार व्यक्त करते हुए सम्मेलन के समापन की घोषणा की। अध्यक्षता सिद्धार्थ मोंटी व संचालन भाजयुमो के जिला महामंत्री पुष्पेन्द्र बाबा ने किया। सम्मेलन में विधायक मड़िहान रमाशंकर सिंह पटेल, विधायक चुनार अनुराग सिंह, विधान परिषद सदस्य श्याम नारायण सिंह उर्फ विनीत सिंह, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मिर्जापुर श्याम सुंदर केसरी आदि मौजूद थे।