सर्वे भवंतु सुखिन: सर्वे संतु निरायमया। इसी मंगल कामना के साथ नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा) के सदस्यों ने शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में आदि चिकित्सक भगवान धन्वंतरि की जयंती मनाई। उनसे सबके निरोग रहने की प्रार्थना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यमंत्री कैलाश चौरसिया ने विधिवत धनवंतरी पूजन व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने संस्था के 2016-18 की कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण कराया। संस्था अध्यक्ष डा. अनूप कसेरा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
आयुष मंत्रालय भारत सरकार के निर्देश पर इस बार जिला पंचायत सभागार में धनवंतरी जयंती राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के रूप में मनाया गया। समारोह के दौरान मुख्य अतिथि राज्य मंत्री कैलाश चौरसिया ने भगवान धनवंतरी जयंती समारोह की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान डा. एस दयाल व डा. एसएन पाठक ने मधुमेह से बचाव के उपाय बताए, वहीं डा. डीएल श्रीवास्तव ने संस्था द्वारा आयोजित विविध आयोजनों व समाज के लिए संस्था के क्रिया कलापों के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। संस्था के अध्यक्ष डा. अनूप कसेरा ने आयुर्वेद में वर्णित दोष-धातु-मल की साम्यावस्था के माध्यम से स्वस्थ्य रहने के उपाय बताए।