मिर्जापुर। यूपी बोर्ड हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम शनिवार की दोपहर घोषित होते ही उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। वर्ष 2022 हाईस्कूल की परीक्षा में लड़कों की अपेक्षा लड़कियों ने बाजी मारी। जिले का परीक्षा परिणाम 85.93 प्रतिशत रहा। इसमें 90.04 प्रतिशत बालिकाएं और 81.85 प्रतिशत बालक उत्तीर्ण हुए हैं।
शनिवार सुबह से ही परीक्षा परिणाम जानने के लिए साइबर कैफे में विद्यार्थियों का तांता लगा रहा, वहीं कुछ ने घर पर ही इंटरनेट के माध्यम से अपना रिजल्ट देखा। हाईस्कूल की परीक्षा में सफल होने की सूचना मिलते ही छात्र-छात्राएं खुशी से उछल पड़े तथा दोस्तों एवं परिजनों के बीच मिठाइयां खाने-खिलाने का दौर शुरू हो गया। परिणाम जानने के बाद अधिकांश छात्र-छात्राओं ने अपने अभिभावकों के साथ मंदिरों में जाकर विधिवत पूजन-अर्चन कर प्रसाद चढ़ाया। उत्तीर्ण विद्यार्थी अपने मोबाइल फोन के माध्यम से अपने को बधाई देने में मगन दिखे। मेधावी विद्यार्थियों ने अपनी कड़ी मेहनत व लगन के बल पर अपनी प्रतिभा दिखाई। परीक्षा में सफल अधिकांश छात्रों ने इंजीनियर एवं आईएएस अधिकारी बनने का ख्वाब सजाया है। नगर के साथ ही जिले के ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर अपने-अपने विद्यालय का मान बढ़ाया है। सफल विद्यार्थियों के परिजनों व गुरुजनों ने अपने छात्र-छात्राओं को मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए कामना की। डीआईओएस सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जिले का परीक्षा परिणाम 85.93 प्रतिशत रहा। इसमें बालिकाओं का प्रतिशत 90.04 तथा बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 81.85 रहा। जिले में 35579 परीक्षार्थियों ने हाईस्कूल की परीक्षा के लिए आवेदन किया था। इनमें से 32547 परीक्षा में शामिल हुए तथा 27967 उत्तीर्ण हुए।