जिगना। विन्ध्याचल थाना क्षेत्र के गोडसर पांडेय गांव स्थित अंधरा तालाब के भीटे पर बबूल के पेड़ पर शुक्रवार को सुबह एक किशोरी का शव संदिग्ध हाल में लटका बरामद हुआ। जानकारी पर पुलिस पहुंची और शव की शिनाख्त होने के बाद परिजनों को सूचना दी। किशोरी का घर वहां से तीन किमी दूर है। परिजनों के मुताबिक किशोरी मानसिक रूप से कमजोर थी। शुक्रवार की सुबह गोडसर पांडेय गांव के लोग अंधरा तालाब की ओर पहुंचे तो तालाब के भीटे पर स्थित बबूल के पेड़ पर दुपट्टे के फंदे पर एक किशोरी लटकी थी। वह बदामी रंग का सूट और लाल रंग की लैगी पहने थी। पैरों मे चप्पल नहीं थी। उसका पैर जमीन पर मुड़ा हुआ था। ग्रामीणों ने हत्या कर शव को लटकाए जाने की आशंका जताई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। किशोरी की शिनाख्त गोड़सर पांडेय गांव निवासी पिंकी के रूप में हुुआ। पिंकी तीन भाई और दो बहनों मे चौथे नंबर की थी। इसी वर्ष उसने हाईस्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। पिता अछैवरनाथ ने बताया कि पिंकी की दिमागी हालत ठीक नहीं थी, जिसका इलाज चल रहा था। वह घर से सुबह छह बजे बिना कुछ बताए निकली थी। थानाध्यक्ष विन्ध्याचल अतुल कुमार राय ने बताया कि किशोरी मानसिक रूप से बीमार चल रही थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।