अदलहाट। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी हाईस्कूल की छात्रा के साथ गांव के ही दो युवकों ने दुष्कर्म किया। बुधवार को किशोरी की मां ने थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी हाईस्कूल की छात्रा बीते 23 अप्रैल को देर शाम अपने घर से कुछ दूर दुकान पर घरेलू सामान लेने गई थी। वह घर लौट रही थी। इस बीच रास्ते में गांव के ही दो युवक किशोरी का मुंह दबाकर खेत में कुछ दूर ले गए। आरोप है कि युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद किशोरी को इसकी किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। किशोरी ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद पीड़िता की मां ने बुधवार को थाने में पहुंचकर गांव के ही दो युवकों के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस पाॅक्सो एक्ट, दुष्कर्म व जान से मारने की धमकी दिए जाने संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया ने बताया कि किशोरी की मां की तरफ से दी गई तहरीर पर प्रमोद यादव उर्फ जुम्म्मन और दशरथ यादव पर मुकदमा दर्ज कर तलाश की जा रही है।