सीखड़। चुनार कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी 22 वर्षीय युवती बुधवार की दोपहर से लापता थी। उसकी साइकिल और बैंक का पासबुक पेट्रोल पंप के पास मिला। लावारिस हालत में साइकिल पड़े होने की सूचना पर पिता ने पुलिस चौकी में पुत्री के अपहरण का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस युवती के खोजबीन में जुट गई। सर्विलांस के जरीए जानकारी करने पर पता चला कि वह वाराणसी में है और पिता द्वारा शादी कहीं और तय किए जाने के चलते वह घर छोड़कर वाराणसी चली गई। शाम को युवती परिजनों से बात कर घर आ गई।
क्षेत्र के एक गांव निवासी 22 वर्षीय युवती बुधवार की दोपहर घर से निकली थी। दोपहर में उसकी साइकिल क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप के पास मिली। पास में उसका बैैंक पासबुक भी मिला। जिससे युवती के बारे में जानकारी हुआ। लोगों ने इसकी सूचना उसके पिता को दी। पिता ने अदलपुरा चौकी में पुत्री के अपहरण किए जाने की सूचना दी। अपहरण की सूचना पर पुलिस सक्रिय होकर छानबीन में जुट गई। चौकी प्रभारी अदलपुरा आरएस शर्मा ने बताया कि सर्विलांस के माध्यम से लोकेशन लेने पर पता चला कि युवती वाराणसी में कहीं है। युवती से फोन से बात किया गया। युवती ने बताया कि पिता उसकी शादी कहीं और करना चाहते थे, जिसके चलते घर से बिना बताए लापता हो गई। वहीं पिता का कहना है कि उसने अपने पुत्री की शादी कहीं तय नहीं की है। उसका अपहरण किया गया है, उसने फोन कर बताया है। थानाध्यक्ष चुनार मनोज कुमार सिंह ने बताया कि युवती के लापता होने के बाद पिता ने जिस युवक पर आरोप लगाया। जांच में पता चला वह हैदराबाद में है। युवती वाराणसी में है। उसने अपने ममेरे भाई को बताया है कि पिता दूसरे से शादी कराना चाहते थे, इसलिए वह वाराणसी चली आई है। उसका लोकेशन वाराणसी के लंका में मिला है। शाम को युवती परिजनों से बात कर घर वापस आ गई।