मिर्जापुर जनपद के चुनार कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार शाम दर्दनाक हादसा हुआ। परिवार के लोग शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। तभी चुनार कोतवाली क्षेत्र के कैलहट पुलिस चौकी के समीप ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। उसके पिता-भाई समेत तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर सभी को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया।
कोलना गांव निवासी अनिल (45) अपने बच्चों के साथ दीक्षितपुर स्थित ससुराल शादी में शामिल होने के लिए घर से निकला। बाइक पर अनिल के साथ उसका 16 वर्षीय पुत्र राममनोहर, 12 वर्षीय पुत्री दीपा और सात वर्षीय पुत्री दीपमाला थी। वह कैलहट पहुंचे थे कि तभी बाइक में पेट्रोल लेने के लिए वे भरेहठा की ओर जाने लगे।
वह कैलहट पुलिस चौकी के पास पहुंचे थे कि चुनार की तरफ से आ रही ट्रक ने बाइक में धक्का मार दिया। इससे बाइक पर सवार सभी गिर गए। दीपमाला ट्रक की चपेट में आ गई और उज़की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल अनिल, राम मनोहर और दीपा को उपचार के लिए पास के निजी अस्पताल ले गई। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। अनिल मजदूरी करता है। वह हेलमेट नहीं लगाया था। पुलिस ने ट्रक लेकर भाग रहे चालक को पकड़ लिया।