मिर्जापुर/कैलहट। विंध्याचल थाना क्षेत्र के भटेवरा के पास शुक्रवार की शाम को ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। शिनाख्त होने के बाद हादसे की जानकारी परिजनों को दी गई। दूसरी घटना चुनार थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय हुई। ट्रेन की चपेट में आने से एक युवती की मौत हो गई। मौत से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। बिहार के छपरा जिले के जनता बाजा थाना क्षेत्र के दयालपुर निवासी पवन कुमार माझी (20) पुत्र कमेश्वर माझी 10 दिन पहले चेन्नई में एक कंपनी में मजदूरी करने के लिए गया था। उसे कार्य पसंद न आने पर ट्रेन पकड़कर घर लौट रहा था। ट्रेन शुक्रवार की शाम को विंध्याचल थाना क्षेत्र के भटेवरा गांव के पास पहुंची थी कि वह नीचे गिर गया। इससे कटकर उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को ट्रैक से हटवाकर उसकी शिनाख्त कराई। हादसे की खबर मिलते ही शनिवार की सुबह परिजन पहुंचे। पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मृतक पांच भाइयों में सबसे छोटा था। थानाध्यक्ष अतुल राय ने बताया कि ट्रेन से कटकर युवक की मौत हो गई। उसके पास मिले मोबाइल के जरीए उसकी शिनाख्त की गई। दूसरी घटना में चुनार थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर में रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से एक युवती की मौत हो गई। सहसपुरा निवासी नरनारायण सिंह की पुत्री मीनू (22) शनिवार की सुबह घर से मंदिर दर्शन करने के लिए निकली थी। रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गई जिससे युवती की मौत हो गई। काफी देर तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन की। इसी दौरान सूचना मिली कि परसोधा रेलवे फाटक के पास एक युवती का शव पड़ा है। परिजनों ने शव की शिनाख्त की। सूचना प्राप्त होने पर उप निरीक्षक हरेराम यादव मौके पर पहुंचकर शव को ट्रैक से हटवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका मीनू नौ बहनों में सातवें नंबर पर थी। पढ़ने में बहुत ही होनहार थी। वह मेडिकल की तैयारी कर रही थी। घटना से घरवालों का रो-रो कर हाल बेहाल है।