अदलहाट। थाना क्षेत्र के अदलहाट बरेंव गांव के पास बृहस्पतिवार को शाम करीब सात बजे साइकिल सवार 10 वर्षीय बालक को ट्रैक्टर ने कुचल दिया। हादसे में बालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया और चालक को पकड़कर थाने ले आई।
थाना क्षेत्र के असरफाबाद गांव निवासी राम प्रसाद सोनकर का 10 वर्षीय बालक आर्यन सोनकर उर्फ सूरज प्राथमिक विद्यालय रामपुर में कक्षा चार का छात्र था। वह वर्तमान में बरेंव गांव के सोनकर बस्ती में परिजनों के साथ रहता था। बृहस्पतिवार को शाम को गांव से चंद कदम की दूरी पर स्थित एक परचून की दुकान से सामान लेने साइकिल से गया था। सामान लेकर घर लौट रहा था। रास्ते में बरेंव स्थित एक ईंट भट्ठे से ईंट लादकर अदलहाट की ओर जा रहे ट्रैक्टर साइकिल सवार बालक को कुचल दिया। इस हादसे में बालक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। बालक चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। पिता सब्जी बेचकर परिवार का भरण पोषण करते हैं। बालक के पिता की तहरीर पर पुलिस संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है। थानाध्यक्ष रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि ईंट लदे ट्रैक्टर से कुचलकर बालक की मौत हो गई है।