मिर्जापुर। पथरहिया स्थित विकास भवन के सभागार में बृहस्पतिवार को 2020-21 के लिए मनरेगा की वार्षिक प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही शासन की प्राथमिकता के उद्देश्यों के अनुरूप वर्ष 2021- 22 की तैयारी की रूपरेखा तैयार की गई।
मनरेगा की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि इस बात का ध्यान रखें कि सभी ग्राम पंचायतों में काम चलता रहे। मनरेगा के तहत 15 बिंदुओं पर समीक्षा की गई। कहा गया कि जिन स्थानों पर 20 श्रमिक कार्य कर रहे हों वहां पर एक मेट अवश्य रखा जाए। साथ ही सचेत किया गया कि जिन श्रमिकों को इस वर्ष 90 दिनों का काम दिया गया है। उनका श्रम विभाग में पंजीयन अवश्य कराएं। इसी प्रकार पीएम आवास एवं मुख्यमंत्री आवास की समीक्षा की गई। इसके साथ ही इन आवासों में मानव दिवस सृजन की भी समीक्षा की गई। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई। इसके तहत 11 बिंदुओं पर समीक्षा की गई। सीडीओ ने कहा कि सभी काम पूरी पारदर्शिता से किया जाए। इसके साथ ही मिशन अंत्योदय सर्वे, ईज आफ लिविंग सर्वे, मानव संपदा पोर्टल पर पंजीकरण के सापेक्ष सेवा विवरण की फिडिंग व वेरीफिकेशन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।