गैस कनेक्शन देतीं मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल एवं उपस्थित महिलाएं।
किसी परिवार की महिला स्वस्थ होगी तो उसका पूरा परिवार स्वस्थ रहेगा। घरों मेें लकड़ी और कोयले के चूल्हे से महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ता है। चूल्हे पर खाना बनाने के कारण अधिकतर महिलाएं सांस और आंख की बीमारी से पीड़ित हो जाती हैं। महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मान को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना शुरू की है। ये बातें केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने जिले में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के शुभारंभ के दौरान महंथ शिवाला पर आयोजित कार्यक्रम में कहा। केंद्रीय राज्यमंत्री ने 101 महिलाओं को गैस कनेक्शन का वितरण भी किया।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उज्ज्वला योजना का शुभारंभ एक मई 2016 को बलिया जिले से किया था। योजना के द्वारा जिले में गरीबी रेखा के नीचे रहने वाले परिवारों की महिलाओं को एलपीजी कनेक्शन दिया जाएगा। इसके लिए जिले में 1.69 लाख का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि लाभार्थियों का चयन आर्थिक सामजिक एवं जातिगत जनगणना 2011 के आधार पर किया जाएगा।
पेट्रोलियम सचिव केडी त्रिपाठी ने कहा कि देश के विकास में ईधन का महत्वपूर्ण योगदान होता है, इसके लिए ईंधन के संसाधनों को बढ़ाने पर बल दिया जा रहा है। देश में वर्ष 2018 तक दस करोड़ परिवारों को एलपीजी कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यकारी निदेशक एके वर्मा ने कहा कि वर्ष 2016 को उपभोक्ता वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसके लिए प्रदेश के 75 जिलों में नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। गैस कनेक्शन वितरण की समीक्षा प्रमुख सचिव द्वारा स्वयं की जा रही है। इस दौरान रमाशंकर सिंह पटेल, आनंद सिंह पटेल, पूर्ति निरीक्षक अरुण वर्मा, अमरनाथ गुप्ता, रमेश बेलदार, परमात्मा सिंह आदि रहे।