मिर्जापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के बरियाघाट पर सोमवार को सुबह स्नान करते समय गहरे पानी में जाने से एक युवक डूब गया। उसे डूबते देख लोगों ने बचाने की कोशिश की, परंतु असफल रहे। घाट पर मौजूद लोगों ने युवक के परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश कराई। नहीं मिलने पर एसडीआरफ की टीम को बुलाया गया। करीब साढ़े सात घंटे की मशक्कत के बाद शव बरामद किया गया।
क्षेत्र के तरकापुर निवासी राजकुमार (35) माला-फूल बेचने का कार्य करते थे। वे प्रतिदिन की तरह गंगा स्नान करने गए थे। सुबह करीब साढ़े सात बजे वे नगर के बरियाघाट पर स्नान कर रहे थे। स्नान करते समय वे गहरे पानी में जाने से डूबने लगे। उन्हें डूबते देख घाट पर मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की, परंतु असफल रहे। स्थानीय लोगों ने पुलिस और उनके परिजनों को सूचना दी। सूचना पर परिजन घाट पर पहुंच गए।
पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान चला रही थी। काफी खोजबीन के बाद भी नहीं मिलने पर पुलिस ने एसडीआरएफ टीम को बुलाया। एसडीआरएफ टीम ने खोजबीन शुरू की। करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद अपराह्न तीन बजे के करीब शव बरियाघाट के पास बरामद हुुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राजकुमार से एक पुत्र है। शहर कोतवाल अरविंद मिश्रा ने बताया कि युवक की गंगा स्नान करते समय डूबने से मौत हो गई। शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।