पेशेवर अपराधियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत कछवां पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए पौने पांच करोड़ की संपत्ति जब्त कर ली। कछवां थाना क्षेत्र के कटका गांव निवासी चंद्र प्रकाश सिंह उर्फ पीयूष सिंह पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। आरोपी अपने व गैंग के सदस्यों के आर्थिक व भौतिक लाभ के लिए आपराधिक व समाज विरोधी क्रियाकलापों में लिप्त है। आरोप है कि विधि सम्मत प्रक्रिया से भिन्न तरीके अपनाकर अवैध संपत्ति अर्जित की गयी है। उसके पास अन्य कोई ज्ञात व वैध आय के श्रोत नहीं हैं। थाना प्रभारी कछवां रामस्वरूप वर्मा की रिपोर्ट पर पुलिस अधीक्षक के अनुमोदन के बाद जिलाधिकारी की तरफ से उत्तर प्रदेश गिरोह बंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत चंद्र प्रकाश सिंह के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसमें जनपद वाराणसी के थाना रोहनियां अन्तर्गत मौजा सुसुवाही ग्राम भदवर में वाराणसी-प्रयागराज 6 लेन हाइवे के बगल में स्थित जमीन, जिसकी अनुमानित कीमत सवा दो करोड़ है, जब्त की गई है। इसके अलावा दूसरी संपत्ति जनपद वाराणसी के थाना चितईपुर अन्तर्गत ग्राम सुसुवाही स्थित जमीन व अर्धनिर्मित मकान जिसकी कीमत ढाई करोड़ रुपये है, उसे भी जब्त किया गया है। उप जिलाधिकारी सदर चंद्रभान सिंह और सीओ सदर शैलेंद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में थाना प्रभारी निरीक्षक कछवां राम स्वरूप वर्मा ने पुलिस और राजस्व टीम के साथ चल और अचल संपत्ति जब्त की।