सीखड़। चुनार कोतवाली क्षेत्र के प्रेमापुर गंगा घाट पर रविवार की दोपहर स्नान करते समय चार चचेरे भाई डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने चारों को डूबता देखकर बचाने की कोशिश की। इसमें तीन लड़कों को बाहर निकाला गया। एक डूब गया। सूचना पर पहुंचे परिजन तीनों को वाराणसी लेकर गए। जहां एक और ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। स्थानीय मल्लाहों ने दो घंटे तलाश करने के बाद डूबे बालक के शव को बाहर निकला।
थाना क्षेत्र के फुलहां गांव निवासी राजेश सिंह और राकेश सिंह सगे भाई है। लव कुमार सिंह चचेरे भाई हैं। राकेश कुमार सिंह का 17 वर्षीय पुत्र नमन कुमार सिंह, 14 वर्षीय पुत्र प्रमन कुमार सिंह, राजेश सिंह का 10 वर्षीय पुत्र दक्ष और लव कुमार का नौ वर्षीय पुत्र अनंत कुमार रविवार की दोपहर 12 बजे स्नान करने के लिए क्षेत्र के प्रेमापुर गंगा घाट पर पहुंचे थे। चारों गंगा में स्नान करने लगे। इस दौरान अनंत गहरे जल में डूबने लगा। उसे बचाने में चारो डूबने लगे। उनका शोर सुनकर डूबता देख घाट पर मौजूद मल्लाहों ने बचाने की कोशिश की। इसमें नमन, दक्ष और प्रमन को किसी तरह बचाकर बाहर निकाला गया। पर अनंत कुमार गंगा में डूब गया। स्थानीय लोगों ने परिजनों को सूचना दिया। सूचना पर पहुंचे परिजन तीनों को उपचार के लिए वाराणसी के निजी अस्पताल ले गए। जहां उपचार के दौरान नमन ने दम तोड़ दिया। दक्ष और प्रमन का उपचार चल रहा है। स्थानीय गोताखारों ने दो घंटे के प्रयास के बाद अनंत कुमार के शव को बाहर निकाला। दो बच्चों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को बिना सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया। चुनार कोतवाल रमेश यादव ने बताया कि सूचना मिली थी कि दो बच्चों की गंगा में डूबने से मौत हो गई और दो बचा लिए गए। जिस स्थान पर घटना हुई है, वह कछवां थाना अंतर्गत आता है।