सिंचाई विभाग की ओर से क्षेत्र के भमौरा गांव के पास चौकिया माइनर पर पुराने रेगुलेटर पुल को रविवार को ध्वस्त कर दिया गया। रेगुलेटर पुल से दो सौ मीटर उत्तर तरफ पुल बनाया जाएगा।
किसानों का कहना है कि रेगुलेटर पुल से सैकड़ों बीघा फसलों की सिंचाई की जाती थी। रेगुलेटर पुल ध्वस्त कर देने से सिंचाई करने में समस्या होगी। कहा कि यदि माइनर पर रेगुलेटर पुल का निर्माण विभाग की ओर से नहीं कराया जाना था तो उसे क्यों जबरन मनमाने तरीके से ध्वस्त किया गया। मामले से नाराज किसान अन्नदाता मंच के नेतृत्व में किसानों ने चक्काजाम एवं धरना-प्रदर्शन का निर्णय लिया है। सिंचाई विभाग के अवर अभियंता अश्वनी यादव ने बताया कि माइनर पर रेगुलेटर पुल नहीं बना था। केवल पुल बना था, जो काफी पुराना हो गया था। इसे ध्वस्त कर नया पुल बनाया जा रहा है। किशन शर्मा, दीनदयाल सिंह, अनिल सिंह, मोलू सिंह, शिवधनी सिंह, सुबाष सिंह, बाढू सिंह, अशोक सिंह आदि किसानों ने रेगुलेटर पुल बनाए जाने की मांग की है।