चुनार/मिर्जापुर। कुंभ स्पेशल ट्रेन से मंगलवार की रात संगम स्नान करने प्रयागराज जा रहे बिहार के दो दोस्त चुनार रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन गिर गए। इससे ट्रेन से कटकर दोनों की मौत हो गई। शिनाख्त होने के बाद जीआरपी ने उनके परिजनों को सूचना दी। बुधवार की सुबह पहुंचे परिजनों ने ट्रेन से धक्का देकर गिराने की आशंका जताई है।
बिहार के गया जिले के भदवर थाना क्षेत्र के जगतपुर निवासी चंदन यादव (21) अपने साथी मुकेश कुमार भारती (22) के साथ 10 फरवरी को घर से निकला था। कुंभ स्पेशल ट्रेन से प्रयागराज संगम स्नान करने जा रहे थे। मंगलवार की रात चुनार रेलवे स्टेशन के पास दोनों ट्रेन से नीचे गिरने गए। इसी बीच ट्रेन की चपेट में आकर दोनों कट गए, जिससे उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना पाकर जीआरपी चुनार मौके पर पहुंची। दोनों के पास मिले आधार कार्ड से उनकी शिनाख्त होने के बाद जीआरपी ने बिहार पुलिस के माध्यम से परिजनों को सूचना दी। बुधवार को परिजन चुनार पहुंचे, तब शव पोस्टमार्टम के लिए ले गए।
मृतक चंदन के चाचा राहुल ने बताया कि चंदन दो भाइयों में बड़ा था। मुकेश की दो साल पहले शादी हुई थी। वह दो बहनों के बीच इकलौता भाई था। बताया कि चंदन और मुकेश दोस्त थे। दोनों प्रयागराज महाकुंभ में स्नान करने जा रहे थे। जीआरपी प्रभारी राम दवर ने बताया कि चुनार स्टेशन से ट्रेन आगे बढ़ने के बाद दोनो यात्री गिर गए थे, जिससे उनकी मौत हो गई।
............................................................
किसी ने दाेनों को धक्का देकर तो नहीं गिराया
इस समय प्रयागराज जाने और वहां से आने वाली ट्रेनों में सफर करना काफी कठिन हो गया है। हर ट्रेन में यात्रियों की भीड़ उमड़ रही है। ट्रेनों में सवार होने के लिए खूब धक्का-मुक्की हो रही है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि किसी ने दोनों को धक्का देकर तो नहीं गिराया। मृतक चंदन के चाचा राहुल ने भी ट्रेन से गिराए जाने की आशंका जताई है।
...............................................
दो दिनों में रेल लाइन पर मिले चार शव
चुनार क्षेत्र में दो दिनों में चार शव रेलवे लाइन पर मिल चुके हैं। इनमें से दो की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। सोमवार की रात ट्रैक पर दो लोगों के शव मिले थे, जिनकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। इसके मंगलवार की रात चुनार स्टेशन के पास ट्रेन से दो युवक गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। दोनों के शव ट्रैक पर पाए गए।