मिर्जापुर। नगर में टाउन वन फीडर से संबद्ध उपभोक्ता दिन भर परेशान रहे। सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक तो बिजली गायब रही। उसके बाद जब आई तो हर 10- पांच मिनट पर ट्रिपिंग होने लगी। बिजली आई नहीं कि चली गई। कई उपभोक्ताओं ने अपने विद्युत उपकरण के खराब होने की शिकायत की।
टाउन वन फीडर जिसे बिजली विभाग की भाषा में एक नंबर फीडर कहा जाता है, दिन भर लगभग बंद ही रही। अब जबकि गर्मी बढ़ रही है और लोगों को बिजली की जरूरत हो रही है तो बिजली ने अपना खेल शुरू कर दिया है। मंगलवार को इतनी बार बिजली का आना जाना रहा कि उपभोक्ता खीज गए। कई लोगों ने कहा कि उनका उपकरण खराब हो गया। वहीं, शाम के समय लोगों को पानी नहीं मिल सका। बार-बार बिजली के आने जाने से पंप ही नहीं चल सका। वासलीगंज, संकटमोचन आदि मोहल्लों में पानी का संकट हो गया। वहीं इस संबंध में सूचना देने के लिए विभागीय अभियंता नाट रिचेबल रहे।
गर्मी के कारण खपत बढ़ गई है। इससे ऑटो ट्रिपिंग हो रही है। ट्रांसफार्मर गर्म हो जा रहे हैं और गर्मी के कारण विद्युतापूर्ति बंद हो जा रही है। शाम से इसमें सुधार की उम्मीद है। -
मनोज कुमार यादव, अधिशासी अभियंता (विद्युत वितरण खंड द्वितीय)