अदलहाट। प्रापर्टी व्यवसाय करने के नाम पर कम समय में अच्छी आमदनी का लालच देकर सात करोड़ 42 लाख 500 रुपये अपने खाते में मंगा लेने के आरोप में पुलिस ने शुक्रवार की देर रात पीड़ित की तहरीर पर एक युवक, एक युवती के खिलाफ धोखाधड़ी करने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुटी है।
सोनभद्र के राबर्टसगंज मानपुर गांव निवासी बृजेश मौर्य का आरोप है कि शौर्य मोबाइल के नाम से राबर्टसगंज में मोबाइल की दुकान है। साल 2020 में मिर्जापुर के अदलहाट निवासी श्याम किशोर मौर्य ने उसके साथ मोबाइल का व्यापार करने की बात कही। श्याम किशोर के साथ वह मोबाइल का व्यापार करने लगे। कुछ दिन बाद श्याम किशोर ने कहा कि वह अपनी सहयोगी सौम्या त्रिपाठी निवासी तियरा अदलहाट के साथ मोबाइल के अलावा प्रापर्टी का भी व्यापार करते हैं। उसमें यदि आप हम लोगों के व्यवसाय में पैसे लगाएं तो कम समय में अच्छी आमदनी हो सकती है। इस पर हमने अपने सहयोगियों से बातकर श्याम किशोर व सौम्या त्रिपाठी के साथ व्यवसाय में पैसा लगाने के लिए तैयार हो गए। इस पर देवाहंस केशरी ने 52.47 लाख, ओम सिद्धार्थ ने दो करोड़ 53 लाख, दीपु केशरी ने 30.74 लाख, अंशुमन पटेल ने 94.51 लाख, रवि मोदनवाल ने 14.20 लाख, अमित जैन ने 16.50 लाख, जीतू केशरी ने 3.63 लाख, दीपक निहाल व राम प्रकाश मौर्या ने 49.50 लाख, अमन सोनी ने 22.79 लाख, व अन्य कई लोगों से उधार लेकर श्याम किशोर व सौम्या त्रिपाठी को व्यवसाय में लगाने के लिए नकद व खाते में दिया। अपने चालू व बचत खाता से 3.41 करोड़ श्याम किशोर के खाते में स्थानांतरित किया। श्याम किशोर व सौम्या त्रिपाठी को चार करोड़ एक लाख 40 हजार 510 रुपये विभिन्न तिथियों में नकद दिया गया। श्याम किशोर व सौम्या त्रिपाठी ने सात करोड़ 42 लाख 500 रुपये लिए। इसमें से श्याम किशोर ने उनके खाते में एक करोड़ 23 लाख 26 हजार रुपये वापस कर दिया। बाकी के पांच करोड़ 77 लाख 22 हजार रुपये वापस नहीं कर रहे हैं। श्याम किशोर व सौम्या त्रिपाठी ने पैसा मांगने पर गाली देकर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। थानाध्यक्ष अजय सेठ ने बताया कि पीड़ित बृजेश मौर्य की तहरीर पर पांच करोड़ 77 लाख 22 हजार रुपये न देने के आरोप में श्याम किशोर व सौम्या त्रिपाठी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।