मिर्जापुर। जिले का फोर लेन बाईपास जून के अंत तक शुरू हो जायेगा। बुधवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अनुप्रिया पटेल ने फोरलेन का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित एनएचएआई के जिम्मेदार अधिकारियों से टेंगरा मोड़ से हनुमना फोर लेन के निर्माण कार्य की समीक्षा बैठक भी की। इस मौके पर अधिकारियों ने बताया कि मिर्जापुर बाईपास का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। इसे जून तक शुरू कर दिया जायेगा। सांसद ने कहा कि कुछ विभागों से अनापत्ति प्रमाणपत्र प्राप्त होते ही जून तक इस महत्वपूर्ण बाईपास को यातायात के लिए खोल दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि यह मार्ग वाराणसी को कन्याकुमारी से जोड़ने के साथ साथ मिर्जापुर की जीवन रेखा और जिले के विकास हेतु शुरू किये गए उनके ड्रीम प्रोजेक्ट्स में से एक है। बाईपास के शुरू होने से लंबी दूरी के यात्रियों को शहर के जाम से निजात मिलेगी और 15 किमी दूरी की बचत होगी। इस मौके पर अपना दल एस के युवा विधायक राहुल प्रकाश कोल, जिलाध्यक्ष राम लौटन बिंद, मीडिया प्रभारी शंकर चौहान, कार्यवाहक नगर अध्यक्ष अशोक पटेल आदि थे।