मिर्जापुर। पड़री पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने रविवार को पड़री थाना क्षेत्र के चांदलेवा रोड भेड़ुआ पहाड़ी के पास से यूरिया चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। उनके निशानदेही पर चोरी कर रखा हुआ 125 बोरी यूरिया बरामद किया। चोरी में प्रयुक्त डीसीएम को सीज कर दिया। मामले का खुलासा प्रभारी एसपी संजय कुमार ने रविवार को पुलिस लाइन स्थित मनोरंजन कक्ष में किया।
पड़री थाना क्षेत्र के परसनपुर स्थित सहकारी समिति से के गोदाम का ताला तोड़कर 135 बोरी डीएपी खाद चोरी हो गया था। मामले में पुलिस छानबीन में जुटी थी। चोरी की तलाश में पुलिस और एसओजी की टीम प्रतापगढ़ तक गई। छानबीन में पता चला कि चोरों का गिरोह प्रतापगढ़ का निवासी है। छानबीन कर रहे पड़री थानाध्यक्ष वेंकटेश तिवारी और एसओजी की टीम ने रविवार की सुबह भेड़ुआ पहाड़ी चांदलेवा रोड के पास से चार आरोपी रामलखन पटेल पुत्र अयोध्या प्रसाद निवासी बुजहां थाना मांधाता प्रतापगढ़, अर्जुन प्रसाद पटेल निवासी रायपुर कला कोतवाली नगर प्रतापगढ़, दीपक कुमार पटेल पुत्र राकेश कुमार निवासी हेतिमपुर बड़गांव दुहा थाना सोरांव जिला प्रयागराज, वीरेंद्र पटेल पुत्र जगत बहादुर निवासी चोरबरवां बीरभानपुर थाना होलगढ़ प्रयागराज गिरफ्तार किया। आदित्य पटेल पुत्र शिव बहादुर पटेल निवासी टिकरी थाना मांधाता प्रतापगढ़ है। प्रभारी एसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 23 अगस्त की रात को प्याज लेने के बहाने पिकअप लेकर निकले थे। रात में गोदाम का ताला तोड़कर उसमें रखा 135 बोरी यूरिया चोरी कर ले गए। रामलखन डीसीएम मालिक व चालक है। रामलखन 2003 में पहली बार चोरी में जेल गया था। उसके ऊपर कई मुकदमें दर्ज है।