मिर्जापुर। बरसात के मौसम में क्षेत्रीय नदियों और नालों के उफनाने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के निराकरण के लिए जिले में 5.41 करोड़ रुपये से चार लघु सेतु का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए बजट स्वीकृत हो गया है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
जिले में कई इलाकों में लंबे समय से नदियों और नालों में सेतु बनवाने की मांग उठ रही थी। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड दो ने इसका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा था। अनु सचिव शिवकुमार ने लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता को पत्र भेजकर प्रदेश में 25 स्थानों पर लघु सेतु के निर्माण के लिए बजट स्वीकृत करने की जानकारी दी। प्रदेश के 25 लघु सेतु को स्वीकृति मिली है, जिनमें चार मिर्जापुर में बनेंगे।
इसमें बेलहरा मोड़ से रामपुर ठाकुर दयाल मार्ग के गोड़टुटवा नाले पर क्षतिग्रस्त रपटे के स्थान पर पहुंच मार्ग और लघु सेतु का निर्माण 71 लाख 59 हजार से होगा। देवरी उत्तर मार्ग में क्षतिग्रस्त रपटे के स्थान पर पहुंच मार्ग और लघु सेतु का निर्माण 72 लाख 90 हजार से होगा। विकास खंड राजगढ़ के लहौरा पहिति मार्ग पर स्थित ढेकवा नदी पर लघु सेतु और पहुंच मार्ग का निर्माण दो करोड़ 15 लाख से होगा।
परसबंधा शिवपुर वाया बघेड़ी गंगापुर मार्ग पर लघु सेतु और पहुंच मार्ग का निर्माण एक करोड़ 81 लाख से कराया जाएगा। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड दो के अधिशासी अभियंता एके पांडेय ने बताया कि जिले में चार लघु सेतु के लिए बजट स्वीकृत हो चुका है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।