चुनार। चुनार के दुर्गा जी मोड़ के पास फर्जी फूड इंस्पेक्टर बनकर दुकानदारों से वसूली करने वाले तीन आरोपी समेत चार को पुलिस ने शुक्रवार को मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। बृहस्पतिवार को फूड विभाग का फर्जी परिचय पत्र गले में डालकर दुर्गा जी मोड़ स्थित दुकानदारों से खुद को फूड इंस्पेक्टर बताते हुए दुकान के लाइसेंस की जांच के नाम पर तीन हजार रुपये देने का दबाव बनाया जा रहा था। न देने पर पांच लाख रुपये जुर्माना लगाने की धमकी दे रहे थे। इस बीच दुकानदारों ने मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेश नारायण झा को सूचना दे दी। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी तीन ने तीन फर्जी फूड इंस्पेक्टर धीरेंद्र प्रताप, राजशंकर और सुभाष कुमार को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ कर पुलिस ने चौथे आरोपी बलराम तिवारी को भी पकड़ा। इसने उन्हें कार्ड बनाकर दिया था। चुनार कोतवाल रविंद्र भूषण मौर्या ने बताया कि क्षेत्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी के तहरीर पर पुलिस ने धीरेंद्र प्रताप, राजशंकर, सुभाष कुमार और बलराम तिवारी पर धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और वसूली का मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया। बलराम तिवारी ने कार्ड बनाया था।