मिर्जापुर। प्रधान के अलावा जिला, क्षेत्र व ग्राम पंचायत सदस्य के रिक्त पदों के लिए मंगलवार को संबंधित ब्लॉक मुख्यालयों पर उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान ब्लाॅक मुख्यालय पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
जिला पंचायत सदस्य के रिक्त एक पद के लिए अपर जिलाधिकारी भू राजस्व देवेंद्र प्रताप के न्यायालय में नामांकन किया गया। जिला पंचायत सदस्य के रिक्त एक पद के लिए चार लोगों ने नामांकन किया। इनमें दो उम्मीदवारों ने दो-दो सेट में नामांकन किया। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि चार नामांकन हुए हैं। सिटी विकास खंड के खरहरा में ग्राम प्रधान के निधन से रिक्त हुई महिला सीट के लिए मंगलवार को लक्ष्मीना, ममता, पूजा व पार्वती समेत कुल चार उम्मीदवारों ने नामांकन किया। ग्राम पंचायत सदस्य के अर्जुनपुर वार्ड संख्या 10 के रिक्त पद के लिए गुड़िया, धौरुपुर वार्ड संख्या 11 में ग्राम पंचायत सदस्य के लिए गुंजा देवी ने नामांकन किया। इस दौरान आरओ जिला कृषि अधिकारी अवधेश कुमार यादव, एआरओ एडीओ एसटी जय गणेश पांडेय मौजूद रहे। विकास खंड कोन के रामपुर ग्राम पंचायत में प्रधान पद के उपचुनाव के लिए चार प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया, जबकि श्रीपट्टी गांव में ग्राम पंचायत सदस्य के एक सीट के लिए एक व्यक्ति ने नामांकन किया। ग्राम प्रधान के निधन के बाद रिक्त चल रहे प्रधान पद के लिए राजकुमारी देवी, दीपक, कमलेश, निशा देवी ने नामांकन पत्र दाखिल किया। श्री पट्टी में ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए माया शंकर ने नामांकन किया। एक नामांकन पत्र दाखिल होने से निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है।
रिटर्निंग अफसर कृपा शंकर पाल ने बताया कि प्रधान पद के लिए चार व ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए एक नामांकन पत्र दाखिल हुआ है। उधर, विकास खंड छानबे के छह ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत सदस्य के रिक्त सीटों के लिए मात्र एक एक पर्चा दाखिल हुआ है। इससे निर्विरोध चुना जाना तय है। ग्राम पंचायत हरगढ़ के वार्ड संख्या तीन, रायपुर के वार्ड संख्या आठ, मिश्रपुर के वार्ड संख्या एक, कामापुर कला के वार्ड संख्या 14 व रामपुर के वार्ड संख्या पांच में ग्राम पंचायत सदस्य का रिक्त था। आरओ राजीव कुमार सिंह व एआरओ वेद प्रकाश ने बताया कि प्रत्येक सीट पर एक-एक पर्चा दाखिल हुआ है। जमालपुर विकास खंड के रोशनहर ग्राम पंचायत में ग्राम पंचायत सदस्य के वार्ड नंबर दो के रिक्त पद के लिए ब्लाॅक मुख्यालय पर एक मात्र प्रत्याशी रामजीत यादव ने नामांकन दाखिल किया। वार्ड नंबर दो अनारक्षित वर्ग के लिए आरक्षित है। सहायक निर्वाचन अधिकारी मुकेश शर्मा ने बताया कि निर्धारित समय तक मात्र एक प्रत्याशी ने ही नामांकन फार्म जमा किया।
पटेहरा विकास खंड क्षेत्र के अमोई ग्राम पंचायत के वार्ड नंबर 15 में अनुसूचित जाति महिला सदस्य पद की सीट के लिए मंगलवार को दुर्गावती ने नामांकन किया। इस पद पर पहले पुनरा देवी चुनाव जीती थीं। पांच माह पूर्व बीमारी के चलते उनका निधन हो गया था। चुनाव अधिकारी गिरीशचंद दूबे ने बताया कि पटेहरा ब्लाॅक में ग्राम पंचायत सदस्य के एक सीट पर चुनाव होना है। इसके लिए केवल एक नामांकन दुर्गावती ने किया है। मझवां ब्लाक के दो ग्राम पंचायतों आंही और दिआंव के लिए ब्लाॅक मुख्यालय पर नामांकन दाखिल किए गए। चुनाव अधिकारी एडीओ कोआपरेटिव भरत नाथ ने बताया कि ग्राम पंचायत सदस्य के लिए दोनों गांवों से एक-एक नामांकन हुए हैं। । आंही गांव से बुल्लूर तथा दिआंव से उमाशंकर ने नामांकन किया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रताप शुक्ला ने बताया कि चुनाव के लिए मतदान छह सितंबर तथा मतगणना आठ सितंबर को होगी। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 23 अगस्त को नामांकन पत्रों की जांच होगी। अगले दिन 24 अगस्त को नाम वापसी की तिथि तय की गई है। उसी दिन अपराह्न तीन बजे से उम्मीदवारों को प्रतीक चिन्ह का आवंटन किया जाएगा। मतदान छह सितंबर को सुबह सात से शाम पांच बजे तक होगा। मतगणना आठ सितंबर को सुबह आठ बजे से शुरू होगी।