मिर्जापुर। राजस्थान से शादी के लिए अहरौरा आए एक व्यक्ति के अलावा दो अन्य लोगों को अपने को पुलिस की क्राइम ब्रांच का बताकर बदमाशों ने अपहरण कर लिया। तीनों के पास रुपये नहीं मिले तो फत्तेपुर टोल प्लाजा के पास ले जाकर छोड़ दिया। इसके बाद बुधवार को फोन कर एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी। पीड़ित ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने अपहरण कर रंगदारी मांगने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन का सिम कार्ड और बोलेरो वाहन बरामद किया गया है।
यह जानकारी एएसपी नक्सल ओपी सिंह ने बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी। उन्होंने बताया कि राजस्थान के बाड़मेर जिले के बालोतरा निवासी मनसुख प्रजापति ने सोनभद्र के नौगढ़ में शादी की है। तीन साल से वह अदलहाट थाना क्षेत्र के फत्तेपुर टोल प्लाजा के पास किराए के मकान में रह रहा है। मंगलवार को मनसुख का रिश्तेदार मुकेश कुमार अपनी शादी के लिए राजस्थान से लड़की देखने आया था। मनसुख तथा मुकेश बीते मंगलवार को एक चालक के साथ गाड़ी से अहरौरा लड़की देखने गए, परंतु वहां बात नहीं बनी। तीनों वापस आने लगे तो रास्ते में बोलेरो सवारों ने ओवरटेक कर उनकी गाड़ी रोक ली। इसके बाद बोलेरो सवारों ने खुद को पुलिस की क्राइम ब्रांच का बताकर तीनों को अपनी गाड़ी में बैठाकर अपहरण कर लिया। आगे ले जाकर उनसे पैसा मांगने लगे, परंतु उनके पास पैसे नहीं थे। इसके बाद अपहरण करने वालों ने तीनों लोगों को फत्तेपुर टोल प्लाजा के पास ले जाकर यह धमकी देते हुए छोड़ दिया कि एक लाख रुपये रखे रहना, बुधवार को वे फिर आएंगे। इसके बाद मनसुख ने मंगलवार को रात में ही इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी थी। इस बीच बुधवार को अपने को पुलिस की क्राइम ब्रांच का बताने वाले लोग फत्तेपुर टोल प्लाजा के पास एक लाख रुपये लेने पहुंचे तो अदलहाट थानाध्यक्ष रविंद्र भूषण मौर्या के नेतृत्व में मौजूद पुलिस ने घेरेबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए लोगों में नागेंद्र सिंह पटेल निवासी गिरिया थाना रामपुर बरकोनिया सोनभद्र, कुंदन सिंह उर्फ विशाल पटेल निवासी बभनगवां थाना पन्नूगंज सोनभद्र, हीरामनी गिरी उर्फ अमरनाथ निवासी परसिया थाना पन्नूगंज, लवकुश पासवाल निवासी बभनगवां थाना पन्नूगंज को गिरफ्तार कर लिया। नागेंद्र के पास से एक तमंचा, दो कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा चार मोबाइल फोन, अलग-अलग कंपनियों के 13 सिम कार्ड, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर के बोलेरो बरामद हुई। एएसपी ने बताया कि इस मामले में दो आरोपी फरार चल रहे हैं। उनकी तलाश की जा रही है।
उधर, थानाध्यक्ष रविंद्र भूषण मौर्या ने बताया कि अहरौरा में शादी के लिए बुलाए लोगों से अपहरण करने वालों के संपर्क की भी जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि शादी के लिए जिन लोगों ने बुलाया था, उनसे अपहरण करने वालों के संपर्क की जांच की जाएगी। इस बात की जानकारी की जाएगी कि क्राइम ब्रांच का बताकर अपहरण कर रंगदारी मांगने वालों को इनके बारे में जानकारी कैसे हुई। उन्होंने बताया कि अपने को क्राइम ब्रांच का बताकर अपहरण करने वालों ने तीनों लोगों की तलाशी ली, परंतु उनके पास पैसे नहीं थे। पैसे शादी के लिए आए मुकेश के भाई हरीश के पास थे। जो अपनी गाड़ी में ही था। एएसपी नक्सल ओपी सिंह ने बताया कि नागेंद्र सिंह पटेल गैंग लीडर है। उसके खिलाफ सोनभद्र के राबर्ट्सगंज में डकैती समेत चार मुकदमे दर्ज हैं। गैंगस्टर के तहत भी मुकदमा दर्ज है। हीरामनी पर भी सोनभद्र के पन्नूगंज में मुकदमा दर्ज है।