साढ़े चार सौ ने छोड़ी बीएड की प्रवेश परीक्षा
मजिस्ट्रेटों की निगरानी में हुई बीएड प्रवेश परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर। जिले में बुधवार को बीएड प्रवेश परीक्षा सीसीटीवी कैमरों व मजिस्ट्रेटों की निगरानी में हुई। सभी सात मजिस्ट्रेट लगातार परीक्षा केंद्रों का भ्रमण करते रहे। एडीएम शिवप्रताप शुक्ल ने सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। पहली पाली की परीक्षा के लिए पंजीकृत सात हजार प्रतिभागियों में से 445 अनुपस्थित रहे, जबकि दूसरी पाली में अनुपस्थित प्रतिभागियों की संख्या दो और बढ़ गई। इस तरह से कुल 447 प्रतिभागियों ने परीक्षा छोड़ दी।
जिले में 14 परीक्षा केंद्रों पर पारदर्शी एवं नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार की तरफ से स्टेटिक मजिस्ट्रेट व पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई थी। इसके अतिरिक्त उप जिला मजिस्ट्रेटों को भी सकुशल परीक्षा संपन्न कराने के लिये लगाया गया था। प्रथम व द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे अमरेन्द्र कुमार वर्मा व अन्य अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर निरीक्षण किया। अपर जिलाधिकारी व नोडल अधिकारी शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि बीएड प्रवेश परीक्षा की प्रथम पाली में कुल सात हजार परीक्षार्थियों में से 6555 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 445 अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार द्वितीय पाली में सात हजार परीक्षार्थियों में 6553 उपस्थित एवं 447 अनुपस्थित रहे।
उधर, परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए केंद्रों के आसपास 500 मीटर की परिधि में इलेक्ट्रानिक फोटो स्टेट की दुकानों को बंद करा दिया गया था। परीक्षा के दौरान केंद्र के अंदर मोबाइल व कोई भी इलेक्ट्रानिक सामान ले जाने पर पूर्णतया प्रतिबंध था। परीक्षा को सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में संपन्न कराया गया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए रोडवेज, रेलवे स्टेशन, प्रमुख चौराहों व परीक्षा केंद्रों के आस - पास पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
परीक्षा ठीक हुई है। प्रश्न पत्र अच्छे आए थे। इसके लिए तैयारी भी अच्छी की गई थी। प्रश्नों का क्रम भी ठीक था। सब कुछ ठीक रहा। - श्वेता पाठक
परीक्षा केंद्र में कोई परेशानी नहीं हुई। कक्षाओं तक पानी पहुंच रहा था। प्रश्नपत्र भी अच्छे आए थे। इसके लिए उम्मीद की जा सकती है। - किरन
परीक्षा केंद्रों को खोलने के लिए समय पर्याप्त दिया गया था। इससे बाहर से आए लोगों को परेशानी नहीं हुई। गर्मी तो थी लेकिन शेड मिल जाने से परेशानी नहीं हुई। - आदित्य मौर्य
सामान्य अध्ययन व विषयों के प्रश्न अपेक्षाकृत सरल रहे। इससे लगता है कि इस बार मेरिट ऊंची जाएगी। फिलहाल सब कुछ ठीक रहा। - धर्मेंद्र कुमार यादव