चुनार। चुनार-चोपन लाइन का विद्युतीकरण होने के बाद इलेक्ट्रिक इंजन से ट्रेन का परिचालन शुरू हो गया। दिल्ली हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर स्थित चुनार जंक्शन पर शनिवार को पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल व राज्यसभा सदस्य रामसकल ने चुनार-चोपन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
शनिवार को बंगलुरू से रेल राज्यमंत्री सुरेश अंगड़ी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से व चुनार जंक्शन पर पूर्व स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री, सांसद अनुप्रिया पटेल ने चुनार चोपन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रेन रवाना होने से पूर्व मंडल रेल प्रबंधक इलाहाबाद अमिताभ ने कहा कि 85 करोड़ की लागत से 100 किलोमीटर लंबी चुनार-चोपन रेलवे लाइन के विद्युतीकरण का कार्य पूर्व केंद्रीय मंत्री व वर्तमान सांसद अनुप्रिया पटेल के प्रयास से चार मई 2017 को प्रारंभ हुआ। चार दिसंबर 2019 को परियोजना का कार्य पूरा हुआ। इस सेक्शन के विद्युतीकरण होने से चुनार व चोपन दोनों स्टेशनों पर बार बार इंजन को बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जिससे मालगाड़ियों के औसत विलंब में चार से छह घंटे की कमी आयेगी। मुख्य अतिथि सांसद अनुप्रिया पटेल ने कहा कि डीजल कर्षण की तुलना में विद्युत कर्षण पर्यावरण के अनुकूल है, जिससे ग्रीन हाउस गैस के उत्सर्जन में कमी होगी एवं आयातित पेट्रोलियम आधारित उत्पाद पर निर्भरता कम होगी। साथ ही 20 प्रतिशत ऊर्जा की बचत होगी। राज्यसभा सदस्य रामसकल ने कहा कि विद्युतीकरण होने से ऊर्जा कुशल परिवहन के साथ माल ढोने की लागत में भी कमी आयेगी। बहरहाल अभी किसी भी नई ट्रेन को चुनार-चोपन मार्ग से आने जाने के बारे में कोई भी जानकारी अधिकारियों द्वारा नहीं दी गयी।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग अग्रवाल, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक मन्नु प्रकाश, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक नवीन दीक्षित, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर संतोष कुमार गुप्ता, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर पीके यादव, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर धन्नजय कुमार सिंह, स्टेशन अधीक्षक चुनार सहित भाजपा जिला कोषाध्यक्ष बचाऊ लाल सेठ, नगर अध्यक्ष चन्द्रहास गुप्ता, विधान सभा प्रभारी शिवकुमार सिंह, अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष रमाकांत पटेल, अल्पसंख्यक मंच के प्रदेश सचिव मो0, अकील राईन, अखिलेश सिंह आदि प्रमुख मौजूद रहे ।
जंक्शन से इलेक्ट्रिक इंजन की सवारी गाड़ी को रवाना करने के उपरांत सांसद अनुप्रिया पटेल ने स्टेशन अधीक्षक कक्ष में प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि आने वाले दिनों में चुनार-चोपन रेलवे लाइन के विद्युतीकरण का लाभ क्षेत्र के लोगों को मिलेगा। सरकार जन संख्या को देखते हुए लोगों की सुविधा और संसाधन को बढ़ाने के लिए हमेशा प्रयास कर रही है। ब्रांच लाइन के विद्युतीकरण होने से और रेलगाड़ियों का मार्ग प्रशस्त होगा जिससे क्षेत्र का विकास होगा। इस दौरान दिल्ली में हो रहे चुनाव के बारे में पत्रकारों द्वारा पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि जो होगा वह अच्छा होगा।
चुनार। स्थानीय लोगों ने सांसद अनुप्रिया पटेल एवं विभाग के आला अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए जंक्शन से लखनऊ जाने के लिए दिन में सवारी गाड़ी की सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही। साथ ही गोंदिया एक्सप्रेस, जोधपुर हावड़ा के ठहराव व प्लेटफार्म पर शेड के विस्तारीकरण, कोच डिस्पले लगाये जाने व वाहन स्टैंड आदि यात्री सुविधाओं को कराये जाने की मांग किया। लोगों की मांग पर सांसद ने कहा कि ट्रेन ठहराव के संबंध में रेल मंत्री से वार्ता करूंगी। अन्य समस्याओं के निराकरण के लिए उन्होंने मंडल रेल प्रबंधक अमिताभ से कहा।