सक्तेशगढ़ क्षेत्र के जंगल में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ रविवार को अभियान चलाया गया। वनकर्मी जंगल में अतिक्रमण हटाने गए थे। जहां उनको लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। अतिक्रमण करने वालों द्वारा दौड़ा लिए जाने के कारण वन कर्मियों को जान बचाकर भागना पड़ा।
मिर्जापुर प्रभाग के सुकृत वन क्षेत्र के खोराडीह जंगल के कंपार्टमेंट नंबर पांच व आठ खीरीन नामक जगह पर विभाग के कर्मचारी रविवार को अतिक्रमण हटाने पहुंचे। वन दरोगा लवकुश सिंह के नेेतृत्व में बीट प्रभारी राकेश सिंह, वन रक्षक सतीश कुमार सिंह, राजेश सुमन आदि जंगल क्षेत्र में झोपड़ियों को हटा रहे थे। वनकर्मी कुछ ही झोपड़ियों को हटा पाए थे, उसी दौरान कुछ लोगों का वन कर्मियों से विवाद हो गया। वे झोपड़ी उजाड़ने का विरोध करने लगे। इसी बीच महिलाएं, पुरुष व बच्चे लाठी-डंडा लेकर आ गए और लोगों ने वनकर्मियों को दौड़ा दिया। प्रबल विरोध को देखते हुए वनकर्मियों से किसी तरह से वहां से भाग कर जान बचाई। थानाध्यक्ष शैलेश राय ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।