ड्रमंडगंज। फारेस्ट रेंज ड्रमंडगंज से संबद्ध बबुरा रघुनाथ सिंह के करनपुर पहाड़ के ऊपर जंगल में लगी आग बुझने का नाम नहीं ले रही। बुधवार से वन विभाग की बीस सदस्यीय टीम आग को बुझाने का प्रयास कर रही है।
विभागीय सूत्रों की मानें तो दरअसल करनपुर पहाड़ के जंगल से सटे मध्यप्रदेश के वन क्षेत्र में सोमवार से ही आग लगी हुई है। उसी आग ने मंगलवार की सुबह तक सीमावर्ती ड्रमंडगंज रेंज इलाके को आगोश में ले लिया है। ड्रमंडगंज वन विभाग के कर्मचारी मंगलवार की शाम तक आग पर काबू पाने में सफल हो गए थे। लेकिन मध्य प्रदेश के वन क्षेत्र में आग को लेकर बरती जा रही लापरवाही के कारण मंगलवार की देर रात करनपुर पहाड़ के जंगल में फिर से आग लग गई। जंगल में लगी आग से जहां पलाश, तेंदू, खैर, अर्जुन, नीम, जिगना, बांस, खिन्ना, करंज तथा बहेर आदि जंगली पेड़ नष्ट हो रहे हैं। वहीं जंगली पशु-पक्षियों के लिए भी जानवरों के लिए भी खतरा उत्पन्न हो गया है। दिन में चल रही तेज हवा और कड़ी धूप के कारण भी जंगल में आग तेजी से फैल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब चार सौ मीटर में फैली आग धीर-धीरे मड़वा धनावल वन क्षेत्र की ओर बढ़ सकती है। क्षेत्रीय वनाधिकारी वीरेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि करनपुर पहाड़ के जंगल में लगी आग को बुझाने के लिए रेंज में तैनात सभी स्टाफ को आग पर काबू पाने का निर्देश दिया गया है।
सुकृत व चुनार वन रेंज में लगी आग : राजगढ़। सुकृत वन रेंज के भवानीपुर वन चौकी अंतर्गत चौखड़ा ग्राम पंचायत के पंचशील दरी के पास आग लगने से जंगल के पेड़- पौधे कर जलने लगे। मौके पर पहुंचे वन कर्मी व ग्रामीण जंगल में तेजी से फैल रही आग को बुझाने के प्रयास में लगे रहे।
चुनार वन रेंज के खम्हवा जमती में मंगलवार को लगी आग तेजी के साथ बढ़ती हुई बेलवा पहाड़ी पार कर सुकृत वन रेंज के पंचशील दरी के पास जंगल में पहुंच गई। चुनार व सुकृत वन रेंज में लगभग पांच किलोमीटर तक आग फैल चुकी है। दोनों वन रेंज की टीम मौके पर पहुंचकर आग को बुझाने का प्रयास कर रही है। आग लगने की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंच गई। परंतु जंगल में रास्ता न होने से आग बुझाने में विफल रही।